पीएम मोदी ने सुनाया गुजरात का मुख्यमंत्री बनने का दिलचस्प किस्सा, वीडियो में बोले- मुझे नहीं थी जानकारी, पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और न्यूज रूम की कार्यशैली, पत्रकारों की जिम्मेदारी तथा खबरों की समय-सीमा यानी डेडलाइन के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने पत्रकारिता के अनुभवों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया, जब उन्हें खुद गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी खबर पहले ही मिल गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न्यूज रूम में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। पत्रकारिता की दुनिया में हर परिस्थिति में खबर जुटाने और उसे समय पर लोगों तक पहुंचाने की चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि जब भूकंप या बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती हैं, तब लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे होते हैं। ऐसे समय में रिपोर्टर अपनी जान जोखिम में डालकर घटनास्थल से खबरें जुटाते हैं। कई बार वे अपने परिवार की चिंता छोड़कर भी कवरेज में जुटे रहते हैं।
न्यूज की दुनिया में डेडलाइन सबसे जरूरी
पीएम मोदी ने पत्रकारिता में डेडलाइन के महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि न्यूज की दुनिया में डेडलाइन सबसे जरूरी होती है। खबर को तय समय पर तैयार करना और दर्शकों या पाठकों तक पहुंचाना पत्रकारिता का अहम हिस्सा है। इसी तरह जिंदगी में भी डेडलाइन का महत्व होता है। समय का सही इस्तेमाल और तय लक्ष्य को पूरा करने की कोशिश जीवन में भी जरूरी है।
जब पत्रकारों ने कमरे में आकर मांगी मिठाई
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने से जुड़ा एक रोचक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय वह दिल्ली में 11 अशोका रोड पर रहते थे। एक दिन कुछ पत्रकार अचानक उनके कमरे में पहुंच गए। पत्रकारों ने मजाकिया अंदाज में उनका गला पकड़ लिया और मिठाई खिलाने की मांग करने लगे।
मोदी ने बताया कि जब उन्होंने पत्रकारों से पूछा कि किस बात की मिठाई खिलाऊं, तो उन्होंने जवाब दिया कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, जबकि पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था।इस किस्से के जरिए मोदी ने पत्रकारों की खबरों तक पहुंच और उनकी सक्रियता का जिक्र किया। दीपावली मिलन कार्यक्रम में पत्रकारों से संवाद के दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर की यादें भी साझा कीं।