×

पीएम मोदी को जितनी गाली दोगे, उतने बढ़ेंगे उनके वोट : राहुल गांधी पर भाजपा नेता जावड़ेकर का तंज

 

पुणे, 20 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कहा था कि बुजुर्ग महिला को बैठने के लिए कुर्सी दी जाए। इस बात का कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में मजाक उड़ाया गया। इस पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि बुजुर्ग महिला के प्रति सम्मान दिखाने वाली बात का मजाक उड़ाना सही नहीं है। यह विपक्ष की हताशा और शिष्टाचार की कमी को दर्शाता है।

जावड़ेकर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस ने सभ्यता की सारी हदें पार कर दी हैं। राहुल गांधी अपनी हर मीटिंग में मोदी को गाली देने में ही वक्त व्यतीत करते हैं, लेकिन उनको पता नहीं, मोदी को जितने गाली देंगे, मोदी के उतने ही वोट बढ़ते हैं और लोगों की सहानुभूति भी बढ़ती है।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि जो मां स्वर्गवासी हो गई है, उन्हें बार-बार गाली देना और वो भी एक मिमिक्री आर्टिस्ट लाकर। ये तो कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं लांघ दी हैं। कांग्रेस बेशर्मी का व्यवहार कर रही है और उनको बताने वाला भी कोई नहीं है।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि इस तरह की बयानबाजी से उसे राजनीतिक लाभ मिलेगा, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। जावड़ेकर ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डीयूएसयू) चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कहा, "उनको लगता है इसी से हमें कुछ मिलेगा, लेकिन कल ही दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव के परिणाम आए और दिल्ली यूनिवर्सिटी में चार में से तीन पोस्ट एबीवीपी ने जीती। यूनिवर्सिटी के छात्र देश के साथ खड़े हैं, राहुल के साथ नहीं।"

भाजपा नेता ने कहा, "अब तो सीजेपी जो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के समर्थक माने जाते हैं, वह भी कांग्रेस को कोस रहे हैं कि आप भाषण लंबे-चौड़े दे रहे हो, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं है। यही दुर्गति होने वाली है। अगर राहुल गांधी ऐसे ही बोलते रहे तो जो ममता का हाल हुआ था, वैसा ही हाल कांग्रेस का सब जगह होगा।"

जावड़ेकर ने राहुल के बयानों को उनकी व्यक्तिगत स्तर का परिचायक बताया। उन्होंने कहा, "वह हताश, निराशा है और अपनी सभ्यता का लेवल बता रहे हैं। राहुल गांधी उसी लेवल से बात करते हैं जो उनका है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी