×

प्रधानमंत्री मोदी को ‘एग्रीकोला मेडल’ का सर्वोच्च सम्मान, पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा ने जताई खुशी

 

बाराबंकी, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के प्रगतिशील किसान और पद्मश्री सम्मानित रामसरन वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एवं कृषि संगठन फूड एंड एग्रीकल्चर आर्गेनाइजेशन (एफएओ) की ओर से साल 2026 का सर्वोच्च सम्मान ‘एग्रीकोला मेडल’ दिए जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह देश के किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और भारत की कृषि नीतियों का सम्मान है।

रामसरन वर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय कृषि को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स यानी मोटे अनाज को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने, डिजिटल कृषि ढांचे को मजबूत करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों से किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि आज भारत की कृषि नीति किसान-केंद्रित और नवाचार आधारित बन चुकी है। यही वजह है कि दुनिया भारत की कृषि व्यवस्था और प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता की सराहना कर रही है।

दरअसल, इटली में एफएओ महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान किसानों के कल्याण, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और गरीबी उन्मूलन में योगदान के लिए प्रदान किया।

उन्होंने भारत की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि देश में 80 करोड़ लोगों तक खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुफ्त राशन पहुंचाया जा रहा है, जबकि 11 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधी आय सहायता मिल रही है।

एफएओ प्रमुख ने भारत द्वारा प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती को बढ़ावा देने की पहल की भी प्रशंसा की। साथ ही पोषण से भरपूर मिलेट्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बनाने में भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

एफएओ महानिदेशक ने प्राकृतिक और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने एफएओ के साथ मिलकर 'इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स' के जरिए पौष्टिक मोटे अनाज को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की पहल की तारीफ की।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी