पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक प्रशंसा योग्य: संजय उपाध्याय
मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने वैश्विक संकट को लेकर आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। टीम भावना के साथ काम करने के लिए पीएम ने मुख्यमंत्रियों को वर्तमान परिस्थिति से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि अफवाह फैला कर कई लोग अराजकता फैलाना चाहते हैं। पीएम मोदी हर समस्या का समाधान करते हैं। लोगों को विश्वास देने में पीएम कामयाब हुए हैं। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी नहीं है। पैनिक होकर लोग ज्यादा खरीदारी कर रहे थे, वह अब कम हुआ है। पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक प्रशंसा योग्य है।
उमर अब्दुल्ला की ओर से पीएम मोदी की तारीफ को लेकर संजय उपाध्याय ने कहा कि पीएम मोदी की सभी तारीफ कर रहे हैं, क्योंकि कोविड के वक्त जिस तरह से देश को महामारी से बाहर लाने में पीएम मोदी ने नेतृत्व किया और उस समय देश को आर्थिक संकट से भी उबारने का काम किया। मौजूदा वक्त में अमेरिका-इजरायल और ईरान तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में भारत की भूमिका की प्रशंसा हो रही है।
उन्होंने कहा कि भारत के नेतृत्व से अपेक्षा की जा रही है कि युद्ध में अगर शांति हो सकती है तो उसमें भारत का नेतृत्व महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। आज दुनिया में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। उसके बावजूद पीएम मोदी ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर देशवासियों को राहत दी है।
उन्होंने कही कि पीएम मोदी ने कश्मीर में आतंकवाद का खात्मा करने का काम किया। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहलगाम आतंकी हमले का पीएम मोदी ने पाकिस्तान से बदला लिया। पाकिस्तान को घुटने के बल झुकने पर मजबूर किया। पीएम मोदी के हर काम की तारीफ होनी चाहिए। उमर अब्दुल्ला ने तारीफ की है तो यह अच्छी बात है कि पीएम मोदी की कार्यशैली उनको पसंद आ रही है।
संजय उपाध्याय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा कांग्रेस ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि पैसा देकर टिकट का लेन-देन होता है। मामला सामने आने के बाद दिल्ली में एफआईआर दर्ज की गई है। इससे कांग्रेस का चरित्र देखा जा सकता है। आज कांग्रेस खत्म होने के कगार पर है, फिर भी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं बुराइयों की वजह से कांग्रेस की ये दुर्दशा हुई है। कांग्रेस के युवराज अभी भी आत्म चिंतन करने को तैयार नहीं हैं। इससे कांग्रेस पार्टी और डूबेगी। कार्यकर्ता ऐसे टूटते गए तो कांग्रेस की नैया आगे कौन बढ़ाएगा, इसका भगवान ही मालिक है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी