×

पीएम मोदी की अपील पर दिल्ली हज समिति की विशेष पहल, एयरपोर्ट जाने के लिए बस छोड़कर मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे हजयात्री

 

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। वैश्विक ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का समर्थन करते हुए दिल्ली राज्य हज समिति ने एक विशेष पहल की है। इस बार हज जाने वाले यात्री इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए बड़े वाहनों के बजाय मेट्रो एयरपोर्ट एक्सप्रेस का उपयोग करेंगे।

दिल्ली राज्य हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां ने गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पीएम मोदी की ऊर्जा और ईंधन बचत की अपील हर देशवासी का कर्तव्य है। पूरी दुनिया फिलहाल ऊर्जा संकट से जूझ रही है। इसके दुष्प्रभाव अन्य क्षेत्रों में भी दिख रहे हैं। भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जहां सरकार ने पूरा प्रयास किया कि इस संकट का असर आम आदमी पर कम से कम पड़े।"

कौसर जहां ने कहा, "इतने बड़े संकट के बावजूद सरकार की कोई जनकल्याण योजना नहीं रुकी। पीएम मोदी की यह अपील सोच-समझकर और देशहित में की गई है। हम सभी उनके साथ खड़े हैं। इन्हीं भावनाओं के साथ दिल्ली हज समिति ने फैसला किया है कि सभी हज यात्री एयरपोर्ट तक की यात्रा मेट्रो एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से करेंगे।"

भदोही के रहने वाले हबीबुल्लाह अंसारी ने बताया, "पिछले साल हज यात्रियों को बसों से एयरपोर्ट पहुंचाया गया था, लेकिन इस बार पीएम मोदी की अपील के बाद हम मेट्रो से यात्रा कर रहे हैं।"

एक अन्य हज यात्री साहिल अबीब ने कहा, "मेरी रात की फ्लाइट है। पीएम मोदी के पेट्रोल बचाने के आह्वान के बाद हमने फैसला किया कि बस की जगह मेट्रो से जाएंगे। यह छोटा सा योगदान है, लेकिन सामूहिक रूप से बड़ा प्रभाव डालेगा।"

अन्य यात्रियों ने भी इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार की अपील के बाद वे जितना हो सके सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर रहे हैं।

यह पहल ऐसे समय में आई है, जब देशभर में ईंधन बचत को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में नागरिकों से अपील की थी कि वे अनावश्यक वाहन उपयोग कम करें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता दें और ऊर्जा संरक्षण में अपना योगदान दें।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी