'पीएम मोदी के सिवा कोई विकल्प नहीं', सीताराम केसरी के पोते संतोष केसरी ने कांग्रेस को घेरा
पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम केसरी के पोते संतोष केसरी ने गांधी परिवार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांधी परिवार के अलावा किसी को सम्मान देना नहीं जानती, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम यात्रा में नंगे पांव चलकर सम्मान की असली परिभाषा बताई। संतोष केसरी ने साफ कहा कि देश पीएम मोदी के नेतृत्व में बहुत अच्छा चल रहा है और फिलहाल उनका कोई विकल्प नहीं है।
स्वर्गीय सीताराम केसरी के पोते संतोष केसरी ने कहा, "गांधी परिवार से कभी किसी ने संपर्क नहीं किया। न ही हमने पिछले 15-20 वर्षों से संपर्क करने की कोशिश की। शायद गांधी परिवार को इसकी आवश्यकता भी महसूस नहीं हुई, क्योंकि उन्होंने सीताराम केसरी के साथ जो सुलूक किया, वह सारी दुनिया जानती है।"
उन्होंने कहा कि पिछले साल दादाजी की 25वीं पुण्यतिथि पर उन्होंने एआईसीसी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा था, लेकिन वह भी एक चुनावी एजेंडा था। उस समय बिहार में चुनाव था, इसलिए ऐसा किया गया। 25 साल बाद उन्हें उनकी याद आई। उन्होंने कभी पूरा सम्मान नहीं दिया। यहां तक कि उनकी फोटो तक हटा दी गई थी। पटना के सदाकत आश्रम में भी उनकी फोटो नहीं थी।
उन्होंने कहा कि जब नरसिम्हा राव का निधन हुआ, तब उनकी पार्थिव देह को एआईसीसी कार्यालय के अंदर आने नहीं दिया गया। बाहर से ही वापस भेज दिया गया। दूसरी ओर, जब हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हुआ, तब आदरणीय नरेंद्र मोदी उनकी अंतिम यात्रा में नंगे पांव चले। इसे सम्मान देना कहते हैं। उन्होंने वह सम्मान दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। देश बहुत अच्छा चल रहा है। पीएम मोदी देश को बहुत अच्छे तरीके से चला रहे हैं। हम चाहेंगे कि आगे भी वही प्रधानमंत्री रहें, क्योंकि फिलहाल ऐसा कोई विकल्प दिखाई नहीं देता। भगवान उन्हें लंबी आयु दें और वे लंबे समय तक देश का नेतृत्व करते रहें। कांग्रेस इतनी कमजोर हो गई है और राहुल गांधी जिस तरह की बयानबाजी करते हैं, उससे तो वह सबको चोर साबित करने में लगे रहते हैं। कभी प्रधानमंत्री को चोर कहते हैं, कभी देश के बड़े उद्योगपतियों को चोर बताते हैं। ऐसे में उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है?
सीताराम केसरी के साथ हुए व्यवहार को लेकर संतोष केसरी ने कहा कि सभी लोग जानते हैं कि 1998 में एक चुने हुए कांग्रेस अध्यक्ष के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह गलत था। उन्हें कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकाल दिया गया, बाथरूम में बंद कर दिया गया, उनकी धोती में आग लगाने की कोशिश की गई, उनका अपमान किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया। यह सब एक चुने हुए अध्यक्ष के साथ हुआ। अगर किसी को अध्यक्ष बनना था, तो उसके लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीका अपनाया जाना चाहिए था। लेकिन जिस तरीके से यह किया गया, वह पूरी तरह गलत था।
--आईएएनएस
केके/एबीएम