☰
×

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई

 

पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को लेकर शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प और गरीब कल्याण के प्रति अटूट समर्पण के साथ 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूर्ण करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई यह यात्रा आज सुशासन, जनसेवा और विकास की नई परिभाषा गढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि गरीबों के सशक्तीकरण से लेकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तक प्रधानमंत्री का नेतृत्व करोड़ों देशवासियों के विश्वास और आकांक्षाओं का प्रतीक बना है।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने 'एक्स' पर लिखा कि शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सेवा पूरी करने पर प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक की यह यात्रा राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों जैसी चुनौतियों के बीच भारत आगे बढ़ा। उन्होंने महामारी से निपटने, राष्ट्रीय हितों की रक्षा और विश्व मंच पर भारत की भूमिका को लेकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने उग्रवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, ढांचागत विकास तथा कल्याणकारी योजनाओं की पारदर्शी डिलीवरी को भी रेखांकित किया।

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को 'सेवा से संकल्प तक, संकल्प से सिद्धि तक' की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा गांव, गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति के जीवन में बदलाव से जुड़ी रही है।

सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना को नई शक्ति देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित 25 वर्षों के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की निरंतर सिद्धि की मंगलकामना की।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके