×

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर हरियाणा में सेवा अभियान चलाएगी सरकार: रणबीर गंगवा

 

चंडीगढ़, 8 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार के मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर विभिन्न सेवा अभियानों के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 25 साल के सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता के साथ देश और राज्यों को आगे ले जाने का काम किया है।

चंडीगढ़ में आईएएनएस से मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान गुजरात मॉडल पेश किया गया। इसके बाद करीब 12 वर्षों से उन्होंने देश की बागडोर संभाली है और भारत का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाने का काम किया है। देश में नए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। हरियाणा से हाइड्रोजन ट्रेन चलाने की दिशा में भी काम शुरू हुआ। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग सेवा अभियान चलाए जाएंगे। इस दौरान मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा और पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चर्चा हो चुकी है।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर गंगवा ने कहा कि सरकार उनके साथ है। कर्मचारियों की 12 मांगें पूरी की जा चुकी हैं, जबकि एक मांग को लेकर कुछ समस्या है, जिस पर सरकार विचार कर रही है। मैं निवेदन करूंगा कि सफाई कर्मचारी काम पर लौटें। सरकार आपके साथ है।

पंजाब में ड्रग्स की समस्या को लेकर गंगवा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी, तब लोगों को उम्मीद थी कि नई पार्टी कुछ अलग करेगी।

उन्होंने दावा किया कि उन्हें गांव-गांव जाने का मौका मिला और वहां लोगों में खुद को ठगा हुआ महसूस करने की भावना है। पंजाब में नशे को रोकने के सरकार के दावे विफल रहे हैं और नशा खुलेआम बिक रहा है। सरकार के संरक्षण के बिना यह नहीं हो सकता। पार्टी का गठन भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर हुआ था लेकिन उसके शीर्ष नेतृत्व पर भी मुकदमे चले और उसके नेताओं को जेल जाना पड़ा।

गंगवा ने कहा कि पंजाब में सरकार ने चुनाव के दौरान कई वादे किए थे, जिनमें महिलाओं को पेंशन देने जैसे वादे भी शामिल थे। अब चुनाव नजदीक आने पर एक बार फिर नए वादे किए जाएंगे लेकिन पंजाब की जनता इन वादों पर भरोसा नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए अपने वादों को पूरा किया है जबकि पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। पंजाब की जनता अब किसी बहकावे में आने वाली नहीं है।

हरियाणा में कांग्रेस को लेकर रणबीर गंगवा ने कहा कि पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है और नेतृत्व का भी अभाव है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस खत्म हो चुकी है। कांग्रेस में अलग-अलग गुट हैं और हर नेता का अपना समूह है। गंगवा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम