पीएम मोदी के नेतृत्व में धार बना औद्योगिक विकास का ग्रोथ इंजन: सीएम मोहन यादव
धार, 8 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य का आधार जिला औद्योगिक विकास का इंजन है। मुख्यमंत्री यादव ने धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की 272 करोड़ की नई यूनिट का भूमि-पूजन करते हुए कहा कि राजा भोज के इस परिक्षेत्र में अहम उद्योग स्थापित होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि इंडस्ट्रियल बेल्ट में धार औद्योगिक विकास का ग्रोथ इंजन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार की भुजाएं मजबूत हुईं। बीते 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने 6 लाख से ज्यादा किसानों के लिए वस्त्र उद्योग का बहुत बड़ा पार्क यहां लोकार्पित किया।
सीएम यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश पूरी क्षमता के साथ तेज गति से बढ़ रहा है। आज यही वजह है कि पिछले 6 महीने में यानी 1 जनवरी से 30 जून तक 76 हजार 862 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इससे 82 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। अकेले नर्मदापुरम को 11 हजार 500 करोड़ के प्रस्ताव मिले। 10 हजार करोड़ से ज्यादा का विदेशी निवेश मध्यप्रदेश को मिला है। ये उन लोगों को जवाब है जो जीआईएस पर सवाल उठा रहे थे और कह रहे थे कि अलग-अलग दौरे करने से क्या मिला। आज ऐसा कोई देश नहीं, जो भारत में निवेश नहीं करना चाहता।
उन्होंने कहा कि आज भारत सबसे ज्यादा युवा देश है। हमारे देश में सब तरह की संभावनाएं हैं। मध्य प्रदेश कदम से कदम मिलाकर उन सभी संभावनाओं पर काम कर रहा है, जिसकी आज दरकार है। लियूगोंग इंडिया के ग्लोबल वाइस चेयरमैन ल्यू गोवेन ने कहा कि हमारे लिए यह बड़ा ही सौभाग्यशाली दिन है।
मुख्यमंत्री यादव ने पीथमपुर में लियूगोंग इंडिया लिमिटेड के नए विनिर्माण संयंत्र की नींव रखी है। कंपनी का नया प्लांट स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। साथ ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को भी गति देगा। साथ ही रिसर्च और मशीनरी निर्माण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी