पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा: गौरव वल्लभ
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चीन को लेकर दिए बयान पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासनकाल में जब चीन तेजी से तरक्की कर रहा था, तब यूपीए की सरकार के दौरान भारत पीछे छूटता रहा। उस समय भ्रष्टाचार चरम पर था। चीन आधुनिक इनोवेशन कर रहा था, जबकि भारत में घोटाले हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि साल 2004 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी और 2014 तक यूपीए सरकार के कार्यकाल तक भी यही स्थिति बनी रही, जबकि दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही थी। भारत की विकास दर बहुत धीमी थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद भारत अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है और एक वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने के लिए तैयार है।
गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी जो चीन की तारीफ करते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि भारत उनकी सरकार के कार्यकाल में पीछे छूट गया था। तब आपकी यूपीए सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी। इनोवेशन पर ध्यान नहीं दिया गया, युवाओं के सपनों को कुचला गया। कोयला घोटाला सहित अन्य घोटाले शामिल हैं।
गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। विकसित भारत 2047 का संकल्प हर भारतीय ने लिया है। इसी संकल्प के साथ हम अपनी अर्थव्यवस्था को चीन से भी आगे ले जाएंगे।
कर्नाटक में जर्मन चांसलर वाले विवाद पर गौरव वल्लभ ने कहा कि कर्नाटक सरकार अब वंशवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। जर्मन चांसलर निवेश के लिए आए थे, लेकिन मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री राहुल गांधी के पीछे-पीछे चलकर उनका स्वागत करने में व्यस्त रहे। जो राज्य कभी आईटी का इंजन था, वह अब भ्रष्टाचार और परिवारवाद का पर्याय बन गया है। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश को आईटी और एआई हब बनना नहीं, बल्कि राहुल गांधी का स्वागत करना है ताकि कुर्सी बची रहे। उनकी असली प्राथमिकता परिवारवाद और भ्रष्टाचार है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी