पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है: सुकांत मजूमदार
बालुरघाट, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार टीएमसी की सरकार जाने वाली है और बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। जनता तय कर चुकी है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
सुकांत मजूमदार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने मछुआरों के लिए पूरे देश में एक बड़ी परियोजना लागू की है, लेकिन उस योजना को पश्चिम बंगाल की सरकार ने लागू नहीं किया। ऐसी बहुत सारी योजनाएं हैं, जो देशभर में लागू हैं, लेकिन यहां पर लागू नहीं हैं। बंगाल में आयुष्मान भारत स्कीम लागू नहीं है। इससे बंगाल की जनता पीछे जा रही है।
उन्होंने कहा कि मछली का उत्पादन जिस तरह से होना चाहिए था, उस तरह से नहीं हो रहा है, क्योंकि टीएमसी ने राजनीति करके मत्स्य उत्पादन को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। त्रिपुरा जैसा छोटा राज्य, बंगाल से ज्यादा मछली का उत्पादन कर रहा है और बंगाल को बाहर से मछली आयात करना पड़ रहा है। यह दुख की बात है।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री शब्द आता है, वहीं से सीएम ममता बनर्जी को एलर्जी शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि चाहे पीएम विश्वकर्मा हो, आयुष्मान हो, या पीएम के नाम से कोई भी योजना हो, ममता बनर्जी उसे लागू नहीं करतीं। पता नहीं पीएम से उनको क्या एलर्जी है?
उन्होंने आगे कहा कि हुमायूं कबीर का वीडियो सामने आया है तो वही जवाब देंगे। उन्होंने कैसे बोला, किस तरह से बोला, होश में थे या नहीं थे। यह टीएमसी की रणनीति भी हो सकती है। हुमायूं कबीर को पैसे देकर टीएमसी की ओर से भी बुलवाया जा सकता है।
बता दें कि सुकांत मजूमदार ने एक दिन पहले 8 अप्रैल को भी टीएमसी पर निशाना साधा था। उन्होंने टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को चुनावी एजेंडा बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि बंगाल 1946 या उससे भी पहले की स्थिति में लौट रहा है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी