पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में 'आशीर्वाद का दीया' अभियान, अमित शाह से राजनाथ तक ने दीर्घायु की कामना की
नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और 25 साल के सार्वजनिक जीवन के सम्मान में देशभर में 'आशीर्वाद का दीया' अभियान चलाया जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ तक ने दीया जलाकर पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक दीया जलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घजीवी होने की ईश्वर से कामना की। उनके नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत हो, यही मंगलकामना है। आप सभी से भी आग्रह है कि पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घायु होने के लिए एक आशीर्वाद का दीया प्रज्जवलित करें।"
अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ जगन्नाथ मंदिर में आरती की। यह कार्यक्रम पीएम मोदी के जन्मदिन के जश्न और 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत के हिस्से के तौर पर आयोजित किया गया था।
नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के दौरान दीया जलाया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भूटान से इस अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने पोस्ट किया, "थिम्पू के मशहूर ताशीछो जोंग में राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक की गरिमामयी उपस्थिति में 'आशीर्वाद का दीया' जलाया गया। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा को सम्मान दिया, जिसका दुनिया भर में अनगिनत लोगों के जीवन पर असर पड़ा है। इस खास मौके पर हमारे साथ प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, भूटान के विदेश मंत्री डी एन ढुंगेल, भूटान में भारत के दोस्त और भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए।"
महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लोक भवन के देवी मंदिर परिसर में 'आशीर्वाद का दीया' जलाया। उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और लगातार सफलता के लिए प्रार्थना की और कार्यकर्ताओं को लड्डू बांटे।
हैदराबाद में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा, "आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और तेलंगाना के लोगों की ओर से हम उन्हें बधाई देते हैं। उन्होंने अपना जीवन पूरी तरह से सेवा के लिए समर्पित कर दिया है, इसीलिए आज उनके जन्मदिन पर लोक भवन और रेड क्रॉस के जरिए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है।"
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बलिया और बेगूसराय में दीया जलाते हुए लिखा, "जन-जन के स्नेह और आशीर्वाद से जगमगाता यह दीप, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है।"
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री का यशस्वी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन देश को सदैव प्राप्त होता रहे, इस मंगलकामना के साथ 'आशीर्वाद का दीया' अभियान देशभर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहा है।"
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा, "पीएम मोदी ने अपने नेतृत्व से भारत को विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रनिर्माण की नई दिशा दी है। ईश्वर उन्हें शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करें।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी