पीएम मोदी के बिहार आगमन पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत; बोले- 'ये प्रदेशवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय'
पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार का दौरा करेंगे। वे वैशाली में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे और जिले लगभग 34,470 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। बिहार के नेताओं ने उनका स्वागत किया है और कहा कि पीएम मोदी का आगमन सभी बिहारवासियों के लिए अपार हर्ष, गर्व और गौरव का विषय है।
बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "बिहार की पावन धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन। आपका आगमन बिहार के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करता है।"
बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लिखा, "ज्ञान, गौरव, संस्कृति और लोकतंत्र की जननी वैशाली की पावन धरा आज एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। यह वही पुण्यभूमि है, जिसने विश्व को लोकतंत्र की गौरवशाली परंपरा का संदेश दिया। इसी ऐतिहासिक धरती पर प्रधानमंत्री मोदी का आगमन हम सभी बिहारवासियों के लिए अपार हर्ष, गर्व और गौरव का विषय है।"
उन्होंने आगे लिखा, "बिहार की माटी, यहां की संस्कृति और करोड़ों बिहारवासियों की ओर से आपका हृदय की गहराइयों से हार्दिक स्वागत और अभिनंदन। वैशाली की धरती से विकसित बिहार और विकसित भारत का संकल्प और भी सशक्त हो।"
बिहार भाजपा ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "पुण्यभूमि बिहार में प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन। आज 21 नवंबर को जन्दाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र (जाफरपट्टी) में प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ होगा। आइए, अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।"
जदयू ने पोस्ट में लिखा, "उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के विकास को जोड़ने वाली ऐतिहासिक कड़ी 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन के पावन अवसर पर बिहार की धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन और आत्मीय स्वागत।"
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग 1.15 बजे वैशाली जिले में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद, दोपहर लगभग 2 बजे वे वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर वे जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। इनका उद्देश्य पूरे राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार करना है।
--आईएएनएस
डीसीएच/