पीएम मोदी के 25 साल के सेवा काल पर हर घर में जलाएं 'आशीर्वाद का दीया' : सुवेंदु अधिकारी
कोलकाता, 16 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने राज्य के लोगों से 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्र सेवा की ऐतिहासिक 25 साल की यात्रा पूरी होने जा रही है। इस मौके पर उनके जन्मदिन 17 सितंबर से एक महीने तक 'सेवा संकल्प अभियान' मनाया जाएगा।
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा, " पीएम मोदी की लंबी जनसेवा का सम्मान करने और उनकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करने के लिए, आइए शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे के बीच हर घर, संस्थान, मठ और मंदिर में 'आशीर्वाद का प्रदीप' जलाएं। इस ऐतिहासिक पल को प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के साथ यादगार बनाएं और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को मजबूत करें।"
उन्होंने सभी पश्चिम बंगाल वासियों से इस कार्यक्रम के तहत दीप जलाने को कहा। मुख्यमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि 17 सितंबर को भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुभ जन्मदिन है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से लेकर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 साल के कार्यकाल की यह गौरवशाली यात्रा आगामी 7 अक्टूबर को पूरी होने जा रही है। इसी ऐतिहासिक क्षण को मनाने के लिए "सेवा संकल्प अभियान" शुरू होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री के शुभ जन्मदिन के अवसर पर हर जगह 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर सर्वशक्तिमान ईश्वर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की जाएगी, ताकि पीएम मोदी कई और वर्षों तक राष्ट्र सेवा में खुद को समर्पित करते रहें।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम