×

सुशासन के 12 साल : ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में बदली काशी की तस्वीर’, श्रद्धालुओं ने गिनाईं उपलब्धियां

 

वाराणसी, 26 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में पद की शपथ लेने के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उत्साह देखने को मिला।

काशी पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है और धार्मिक स्थलों के विकास को नई दिशा मिली है।

लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है और काशी आज दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है।

श्रद्धालु पूजा पांडेय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। पहले के समय में भारत को इतना वैश्विक सम्मान नहीं मिला था, जितना आज मिल रहा है।

उन्‍होंंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। रोजगार के अवसर बढ़े हैं, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए गए हैं और धार्मिक स्थलों का पुनर्जीवन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री शायद ही देश को पहले मिला हो और वह चाहती हैं कि आने वाले समय में भी नरेंद्र मोदी ही देश का नेतृत्व करें।

श्रद्धालु राघवेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पहले शहर में जगह-जगह गंदगी दिखाई देती थी, लेकिन अब हर गली और घाट का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक व्यापक सफाई और विकास कार्य हुए हैं। पहले जहां सड़कें जर्जर थीं और चलना मुश्किल था, वहीं आज बेहतर सड़कें और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

गाजीपुर से वाराणसी पहुंचे श्रद्धालु दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल लगातार बढ़ना चाहिए क्योंकि पिछले कई दशकों में जो काम नहीं हो सके, वे अब तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि काशी में हर क्षेत्र में विकास दिखाई देता है, चाहे वह धार्मिक पर्यटन हो, सड़कें हों या बुनियादी सुविधाएं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने काशी को एक नई पहचान दिलाई है।

बिहार से आए श्रद्धालु गौरव पांडेय ने कहा कि वह वर्षों से काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आते रहे हैं और पिछले दस वर्षों में यहां का बदलाव बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मंदिर परिसर इतना विकसित और व्यवस्थित नहीं था। अब यहां साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि काशी आने के बाद मन को शांति और प्रसन्नता का अनुभव होता है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस से आए श्रद्धालु सतेंद्र गुप्ता ने भी प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। साथ ही काशी में मंदिरों के जीर्णोद्धार और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए किए गए कार्य सराहनीय हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वाराणसी ने आध्यात्मिक और आधुनिक विकास का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम