पीएम मोदी का प्रयास संबंध बेहतर बनाना और व्यापार बढ़ाना: भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्वाड से जुड़ी गतिविधियों, एससीओ शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान को निमंत्रण दिए जाने पर कांग्रेस की आलोचना, ग्रैप-3 की पाबंदियों को हटाए जाने, एसआईआर मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई, उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची के मसौदे समेत कई अन्य मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रयास विभिन्न देशों के साथ संबंध बेहतर बनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और व्यापार को आगे ले जाने का है।
प्रधानमंत्री मोदी की क्वाड से जुड़ी गतिविधियों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के एक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सही बात रखी है कि बातचीत रचनात्मक होनी चाहिए और देशों के बीच संबंध अच्छे होने चाहिए। आपसी रिश्तों को बेहतर बनाने के साथ-साथ व्यापार किस तरह बढ़ाया जाए और भविष्य में सहयोग को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर ध्यान देना जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सकारात्मक बातचीत और बेहतर संबंधों की दिशा में प्रयास होने चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ किए जाने के सवाल पर आरपी सिंह ने कहा कि ट्रंप हमेशा प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हैं। ट्रंप चाहते हैं कि दोनों देशों के संबंध अच्छे रहें और भारत भी यही चाहता है। दोनों पक्षों की ओर से बेहतर रिश्तों की इच्छा सकारात्मक बात है।
एससीओ शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान को निमंत्रण दिए जाने पर कांग्रेस की आलोचना को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें कई देश हिस्सा लेते हैं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के एक मंत्री को आमंत्रित किया गया था और उनसे कहा गया था कि वे अपना प्रतिनिधि भेजें। इसके बाद पाकिस्तान ने अपने मंत्री को भेजा। इस पूरे मामले को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि यह आयोजन से जुड़ा फैसला है।
उन्होंने प्रधानमंत्री की पर्यटन संबंधी सोच का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि देश में पर्यटन को बढ़ावा मिले। यदि पर्यटन के लिए सुविधाएं बढ़ती हैं और ई-वीजा जैसी व्यवस्था का लाभ मिलता है, तो इससे संबंधित देशों के पर्यटन क्षेत्र को फायदा होगा। सिंह ने इसे पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
देश में नफरत फैलाने के आरोपों पर कांग्रेस और गांधी परिवार को निशाने पर लेते हुए आरपी सिंह ने कहा कि यदि किसी ने देश में नफरत फैलाई है तो वह गांधी परिवार है। उन्होंने 1984 की घटनाओं और उसके बाद कांग्रेस के शासनकाल में हुए दंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में हिंदू-मुस्लिम दंगे हुए और इन घटनाओं को लोग भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने अतीत और अपने कामों पर भी नजर डालनी चाहिए।
दिल्ली में प्रदूषण के मद्देनजर ग्रैप-3 की पाबंदियां हटाए जाने के सवाल पर आरपी सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में प्रदूषण की स्थिति में सुधार होगा और ग्रैप-3 के साथ-साथ ग्रैप-2 और ग्रैप-1 की पाबंदियां भी हटाई जा सकेंगी।
एसआईआर मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 48 सवाल उठाए हैं, लेकिन अदालत में याचिका दायर करने पर अपनी बात के समर्थन में सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष सबूत देने के बजाय सवाल उठा रहा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट जो फैसला करेगा, वह स्वीकार्य होगा। अदालत ने अगली सुनवाई दिसंबर में तय की है।
उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची के मसौदे पर आरपी सिंह ने कहा कि यह अभी प्रारूप सूची है और जनवरी के पहले सप्ताह तक लोगों को अपने नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा। जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, वे इस अवधि में सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे इस प्रक्रिया में लोगों का सहयोग करें, ताकि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एक अच्छी और सही मतदाता सूची तैयार हो सके। सभी दलों के योगदान से मतदाता सूची को बेहतर बनाया जा सकता है।
--आईएएनएस
पीएसके