×

जब भी पीएम मोदी विदेश जाते हैं, उन्हें वहां का सर्वोच्च सम्मान मिलता है: बीएल वर्मा

 

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरे के दौरान उन्हें इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान 'ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया' से सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने इसे पूरे देश के लिए गर्व की बात बताया।

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पीएम मोदी जब भी किसी देश में जाते हैं और तब उस देश से उन्हें सर्वोच्च सम्मान मिलता है, तो यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं बल्कि पूरे देश का होता है। देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान होता है, जिससे हम सभी को बहुत गर्व की अनुभूति होती है।"

बीएल वर्मा ने पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "भाजपा देश की ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। लोकतांत्रिक तरीके से जैसे भाजपा का चुनाव होता आया है, वैसे ही इस बार भी हुआ। भाजपा का नेतृत्व जो फैसला लेता है, पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता उसे स्वीकार करता है। पंकज चौधरी के नेतृत्व में ही 2027 का चुनाव लड़ा जाएगा, हम बंपर जीत के साथ भाजपा की सरकार बनाने का काम करेंगे।"

उन्होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जर्मनी दौरे के दौरान भारत के मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को लेकर चिंता जाहिर करने पर कहा, "राहुल गांधी विदेश यात्रा पर हैं, जिसमें कोई नई बात नहीं है। वे देश में कम और विदेश में ज्यादा रहते हैं। वे विदेश क्यों जाते हैं, इसके बारे में पता नहीं, लेकिन विदेश की धरती से हमारे देश को बदनाम करना, नकारात्मक बातें करना, और देशवासियों को अपमानित करने जैसा काम करना गलत है।"

बीएल वर्मा ने आगे कहा, "उन्हें ऐसा करना शोभा नहीं देता। देश की जनता उन्हें समय-समय पर सबक सिखाने का काम भी करती है। कांग्रेस पार्टी भी अब राहुल गांधी को बहुत गंभीरता से नहीं लेती है। ऐसा इसलिए क्योंकि राहुल गांधी जितनी बातें बोलते हैं, उनसे कहीं न कहीं उनकी ही पार्टी को नुकसान पहुंचता है।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी