×

पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने महात्मा अय्यंकाली और श्री नारायण गुरु को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

 

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महात्मा अय्यंकाली और श्री नारायण गुरु को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने महात्मा अय्यंकाली को सामाजिक न्याय के एक महान अग्रदूत के रूप में याद किया, जिन्होंने अपना जीवन वंचित वर्गों के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने वंचितों के लिए शिक्षा के अवसर सुनिश्चित करने, खेतिहर मजदूरों के जीवन को बेहतर बनाने और गरीबों की सेवा करने की उनकी कोशिशों को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, "महात्मा अय्यंकाली को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि! उन्हें सामाजिक न्याय के एक महान अग्रदूत के रूप में याद किया जाता है। हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए शिक्षा के अवसर सुनिश्चित करने, खेतिहर मजदूरों के जीवन को बेहतर बनाने और गरीबों की सेवा करने की उनकी कोशिशें बहुत प्रेरणादायक हैं। उनका जीवन सामाजिक सशक्तीकरण के लिए काम करने वाले सभी लोगों को ताकत देता है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री नारायण गुरु को एक महान समाज सुधारक, आध्यात्मिक नेता और विचारक बताया, जिन्होंने अपना जीवन सम्मान और करुणा पर आधारित समाज के निर्माण में समर्पित कर दिया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा, "श्री नारायण गुरु को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि! एक महान समाज सुधारक, आध्यात्मिक नेता और विचारक के तौर पर, उन्होंने अपना जीवन सम्मान और करुणा पर आधारित समाज बनाने में समर्पित कर दिया। उनके विचारों ने अनगिनत लोगों को ताकत दी। शिक्षा और ज्ञान पर उनका ज़ोर भी उतना ही उल्लेखनीय था।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण ने भी श्री नारायण गुरु और महात्मा अय्यंकाली को जंयती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण ने एक्स पर लिखा, "श्रद्धेय संत, दार्शनिक और अग्रणी समाज सुधारक श्री नारायण गुरु को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। अपनी गहरी आध्यात्मिक समझ और समानता व मानवीय गरिमा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के ज़रिए, उन्होंने पीढ़ियों को भेदभाव से ऊपर उठने और करुणा, ज्ञान व सद्भाव पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उनके कालजयी आदर्श एक अधिक समावेशी और प्रबुद्ध भारत की ओर हमारी सामूहिक यात्रा को निरंतर आलोकित करते रहते हैं।"

उपराष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, "महात्मा अय्यंकाली को उनकी जयंती पर सादर श्रद्धांजलि। एक अग्रणी समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता के तौर पर, उन्होंने अपना जीवन शोषितों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा, शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने और सामाजिक न्याय व समानता को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित कर दिया। हाशिए पर मौजूद लोगों को सशक्त बनाने और एक समावेशी समाज के निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, एक सौहार्दपूर्ण भारत के निर्माण की हमारी सामूहिक कोशिशों को प्रेरित करती रहती है।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस