पीएम की अपील पर मंत्रियों ने भी सुविधाओं में की कटौती, साइकिल और बाइक से कर रहे सफर: कुमार शैलेंद्र
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री कुमार शैलेंद्र ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से संसाधनों का कम उपयोग करने की अपील की है। उनके मुताबिक, सरकार के साथ-साथ कई नेता और संगठन भी इस दिशा में कदम उठा रहे हैं और अपने सरकारी सुविधाओं में कटौती कर रहे हैं।
कुमार शैलेंद्र ने बताया कि अब वे खुद भी कम गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार वे बिना वाहन के भी यात्रा करते हैं और हफ्ते में कुछ दिन मोटरसाइकिल या साइकिल से भी काम चलाते हैं। उनके अनुसार यह समय देश के हित में मिलकर सहयोग करने का है, ताकि किसी भी तरह के आर्थिक या ऊर्जा संकट का सामना किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी जरूर हैं, लेकिन दुनिया के कई देशों की तुलना में यह बढ़ोतरी काफी कम है। उनके मुताबिक कई देशों में ईंधन की कीमतें भारत से कई गुना ज्यादा बढ़ी हैं, इसलिए भारत की स्थिति अभी भी बेहतर है। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्ष के पास मुद्दों की कमी है, इसलिए वे इस तरह के विषयों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करते हैं।
वहीं बिहार सरकार के एक और मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने भी पेट्रोलियम संकट और वैश्विक हालात पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ईरान और इजरायल जैसे देशों से जुड़े घटनाक्रमों की वजह से पूरी दुनिया में पेट्रोलियम संकट देखा जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद भारत अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती के साथ संभाल रहा है और जनता को हर संभव राहत देने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और देश को किसी बड़े संकट से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे संयम रखें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग करें।
सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने पर विचार करने की खबरों को पीएम मोदी द्वारा खारिज किए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उनके अनुसार डॉलर और सोने की कीमतों में हो रहे बदलावों को लेकर भी लोगों को जागरूक रहना चाहिए ताकि अर्थव्यवस्था पर किसी तरह का नकारात्मक असर न पड़े।
नीट परीक्षा पेपर लीक के मामले पर उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में परीक्षाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटर आधारित प्रणाली लागू करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
इसके अलावा, भोजशाला-कमल मौला मस्जिद परिसर को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसे कई धार्मिक स्थल हैं जिनकी पहचान को लेकर लंबे समय से अलग-अलग मत रहे हैं, लेकिन धीरे-धीरे जब तथ्य सामने आते हैं तो न्यायपालिका और समाज दोनों ही इन स्थलों को उनके वास्तविक स्वरूप में समझने लगते हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस