पीयूष गोयल ने संतुलित व उत्तरदायी विश्व व्यापार संगठन के महत्व पर दिया जोर
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने संतुलित और उत्तरदायी विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के महत्व पर जोर दिया, जो सभी सदस्य देशों, विशेष रूप से विकासशील देशों और सबसे कम विकसित देशों की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से पूरा कर सके।
पीयूष गोयल ने कैमरोन के यॉन्डे में आयोजित 14वीं डब्ल्यूटीओ मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (एमसी 14) के अवसर परडब्ल्यूटीओ की महासचिव डॉ. एन्गोज़ी ओकोंजो-इवियाला के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की।
सोशल साइट एक्स पर पोस्ट में उन्होंने कहा, “मैंने सम्मेलन की सफलता के लिए उनके निरंतर प्रयासों को सराहा।” उन्होंने सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री जोसेफ डियॉन एनगुटे और वाणिज्य मंत्री ल्यूक मैग्लोइरे मबार्गा अतांगना को भी बधाई दी।
पीयूष गोयल ने कहा, “मैं कैमरोन के लोगों की गर्मजोशी, उनकी अद्भुत संस्कृति और सुरम्य दृश्यावलियों की सुंदर यादें लेकर लौट रहा हूं।”
सम्मेलन के दौरान गोयल ने यूरोपीय संघ के वाणिज्य आयुक्त मारोस सेफ़कोविक के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्षों ने एमसी 14 एजेंडा पर विचार साझा किए। हाल ही में समापन हुए भारत-ईयू एफटीए पर प्रगति की समीक्षा की और द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के विकल्पों का पता लगाया।
गोयल और सेफ़कोविक ने डब्ल्यूटीओ सुधारों की आवश्यकता पर सहमति जताई और इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिशन पर कस्टम ड्यूटी पर स्थगन और निवेश सुविधा के लिए विकास समझौते (इनवेस्टमेंट फैसिलिएशन फॉर डेवलपमेंट एग्रीमेंट) पर विचार साझा किया।
गोयल ने कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिधु के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की, जिसमें हाल ही में शुरू हुए भारत-कनाडा सीईपीए वार्ताओं को तेज़ करने पर चर्चा हुई। एफटीए ढांचे के बाहर, दोनों पक्षों ने बहु-विविध क्षेत्रीय रणनीति विकसित करने और शिपबिल्डिंग, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और शिक्षा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
सिधु ने मई 2026 में गोयल की कनाडा यात्रा के लिए उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसमें वे एक प्रमुख भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
गोयल ने ब्रिटेन के बिजनेस और ट्रेड सचिव पीटर जे. काइल के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्षों ने एमसी14 एजेंडा पर विचार साझा किए और जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर द्वारा हस्ताक्षरित भारत-यूके सीईटीए के कार्यान्वयन पर प्रगति की समीक्षा की।
--आईएएनएस
पीएम