×

पितृसत्ता की वकालत और महिला अधिकारों का ढोंग कर रहे राहुल गांधी: सीएम धामी

 

देहरादून, 3 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने केरल के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबू बकर अहमद के बयान को महिला विरोधी बताते हुए उस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

सीएम धामी ने कहा कि हमारे देश में, संस्कृति में और हमारे शाष्त्रों में नारी को देवी का रूप कहा गया है। जहां नारियों का सम्मान होता है, जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। लेकिन कांग्रेस पार्टी के युवराज बार-बार कभी मनुस्मति की बात करते हैं तो कभी सनातन के विरूद्ध बोलते हैं। वह हर तरीके से सनातन को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग सनातक की तुलना डेंगू और मलेरिया से करते हैं। राहुल गांधी अपनी पार्टी के नेताओं के ऐसे बयानों पर कोई स्पष्टीकरण नहीं देते हैं। अबू बकर के बयान को लेकर सीएम धामी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को इस तरह के बयानों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने चुप्पी साध रखी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पितृसत्ता की वकालत और महिला अधिकारों का ढोंग करने वाले राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस के शासन में केरलम में महिलाओं को घर की चारदीवारी तक सीमित रखने संबंधी ग्रैंड मुफ्ती का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि ऐसे बयान के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यह साफ दिखाता है कि कांग्रेस की महिलाओं के सम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों को लेकर वास्तविक सोच किस स्तर तक गिर चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। आज देश की बेटियां शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, सेना, खेल और राजनीति सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

--आईएएनएस

एमएस/