×

गुजरात की इस लेबोरेटरी में निकली भर्ती, कई पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, जानें सैलरी

 

गांधीनगर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। लेबोरेटरी में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल), निवरंगपुरा, अहमदाबाद ने प्रशासनिक अधिकारी सहित कई खाली पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगें हैं।

पीआरएल की ओर से जारी रिक्तियों में प्रशासनिक अधिकारी का 1, लेखा अधिकारी के 2 और क्रय एवं भंडार अधिकारी के 2 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के पात्र और इच्छुक उम्मीदवार भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रशासनिक अधिकारी पद के लिए एमबीए के साथ सुपरवाइजरी पद पर 1 वर्ष का अनुभव या पोस्ट-ग्रेजुएशन के साथ 3 वर्ष का अनुभव (1 वर्ष सुपरवाइजरी पद पर); या ग्रेजुएशन, 5 वर्ष के अनुभव के साथ (2 वर्ष सुपरवाइजरी पद पर) होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास अनुभव प्रशासन के क्षेत्रों में होना चाहिए।

लेखा अधिकारी के लिए एसीए/एफसीए या एआईसीडब्लुए/एफआईसीडब्लुए या एमबीए के साथ सुपरवाइजरी क्षमता में 1 वर्ष का अनुभव; या वाणिज्य में पोस्ट-ग्रेजुएशन के साथ 3 वर्ष का अनुभव (एक वर्ष सुपरवाइजरी पद पर); या वाणिज्य में ग्रेजुएशन/व्यवसाय प्रबंध में ग्रेजुएशन/व्यवसाय प्रबंधन में ग्रेजुएशन के साथ 5 वर्ष का अनुभव (2 वर्ष सुपरवाइज़री पद पर) और अनुभव वित्त और लेखा/लागत लेखांकन के क्षेत्रों में होना चाहिए।

क्रय एवं भंडार अधिकारी के लिए मार्केटिंग या सामग्री प्रबंधन में एमबीए के साथ सुपरवाइज़री पद पर 1 वर्ष का अनुभव; या ग्रजुएशन के साथ सामग्री प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा (या क्रय और भंडार गतिविधि से संबंधित कोई अन्य विषय में) के साथ 3 वर्ष का अनुभव (संबंधित क्षेत्र में सुपरवाइजरी पद पर 1 वर्ष का अनुभव); या पोस्ट-ग्रेजुएशन के साथ 3 वर्ष का अनुभव (संबंधित क्षेत्र में सुपरवाइजरी पद पर 1 साल का अनुभव) या ग्रेजुएशन और 5 वर्ष के अनुभव के साथ (संबंधित क्षेत्र में सुपरवाइजरी पद पर 2 वर्ष का अनुभव) अनुभव क्रय और भंडार के क्षेत्रों में होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 750 रुपए तय किया गया है। हालांकि, लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 500 रुपए और महिला/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएस वर्ग के उम्मीदवारों को भुगतान किया गया पूरा शुल्क वापस कर दिया जाएगा।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी