फोन पर हुआ झगड़ा, युवक ने युवती को गोली मारकर किया घायल, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फर्रुखाबाद, 12 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कथित तौर पर प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद एक युवक ने युवती को गोली मारकर घायल कर दिया। युवती का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस इस घटना की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी सामने आई कि युवक और युवती कथित तौर पर शादी करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद युवक लड़की के घर के नजदीक पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। गोली लड़की के पैर में लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि 11 जून को रात करीब 9:45 बजे हमें सूचना मिली कि एक युवक ने एक युवती को गोली मारकर घायल कर दिया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच से पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को करीब डेढ़ साल से जानते थे और उस दिन पहले फोन पर बात भी की थी।
उन्होंने कहा कि फोन पर ही दोनों में विवाद हुआ था और उसके बाद युवक ने घटना को अंजाम दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि युवती के परिजनों की ओर से शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि डॉक्टरों की ओर से युवती की हालत स्थिर बताई गई है। फिलहाल, इस घटनाक्रम में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, लोहिया जिला अस्पताल के डॉक्टर दीपक तिवारी ने बताया कि घावों की प्रकृति के आधार पर काला पड़ना (ब्लैकनिंग) दिखाई दे रहा है, लेकिन हम यह पुष्टि नहीं कर सकते कि ये चोटें हथियार से लगी हैं या नहीं। इसकी पुष्टि के लिए एक्स-रे और अन्य चिकित्सकीय परामर्श किए गए हैं। मरीज की स्थिति स्थिर है। घावों पर टांके लगा दिए गए हैं और रक्तस्राव नियंत्रित कर लिया गया है।
--आईएएनएस
डीसीएच/