पेट्रोल-डीजल के एक्साइज ड्यूटी में कटौती से जनता को राहत मिलेगी: कौसर जहां
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत सरकार ने पेट्रोल-डीजल के एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने केंद्र सरकार के इस फैसले की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से आम जनता को राहत मिलेगी।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम आम आदमी को राहत पहुंचाने की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। इससे महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और लोगों की जेब पर पड़ने वाला बोझ भी कम होगा। यह फैसला दिखाता है कि यह आम आदमी की सरकार है और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि आज ऊर्जा संकट के कारण दुनिया में त्राहि-त्राहि मची हुई है। सभी जगह महंगाई बढ़ रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में अपने नागरिकों को राहत दिलाने का काम किया गया है। केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति है कि कठिन परिस्थितियों में भारत के लोगों पर अनावश्यक बोझ नहीं पड़ना चाहिए। मुझे लगता है कि यही संवेदनशील नेतृत्व की पहचान है।
कौसर जहां ने कहा कि पीएम मोदी दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेता के तौर पर उभरे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है। यह उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता नहीं, बल्कि भारत में उनके नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और निर्णायक नीतियों की स्वीकृति है। संकट के समय में भारत ने दुनिया को रास्ता दिखाया है। खास बात यह है कि संकट के इस समय में लोगों का विश्वास पीएम मोदी पर बढ़ा है।
उन्होंने एक्स पोस्ट में सरकार की तारीफ करते हुए लिखा कि ऊर्जा संकट के इस दौर में पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती का निर्णय आम जनता को बड़ी राहत देने वाला है। इससे महंगाई पर नियंत्रण और लोगों की जेब पर बोझ कम होगा। यह साबित करता है कि यह सरकार हर परिस्थिति में जनहित को सर्वोपरि रखती है। वैश्विक संकट के बीच भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशवासियों को राहत मिल रही है। इस समय घबराने की नहीं, भरोसा रखने की जरूरत है। अफवाहों से बचें, देश में न ईंधन की कमी होगी और न ही जनता के हितों से समझौता होगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी