पेरिमेनोपॉज की समस्याओं से ऐसे राहत पाती हैं सोहा अली, बताया कैसे बनाएं हेल्दी ड्रिंक
मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोहा अली खान अक्सर हेल्थ के लिए कारगर नेचुरल टिप्स प्रशंसकों के साथ शेयर करती रहती हैं। लेटेस्ट पोस्ट में उन्होंने न केवल पेरिमेनोपॉज जैसी समस्या पर बात की बल्कि इससे संबंधित समस्याओं से निपटने में कारगर हेल्दी ड्रिंक की रेसिपी भी बताई। मेनोपॉज से पहले के समय की मुश्किलों पर बात करते हुए सोहा ने बताया कि वह दिन की शुरुआत कैसे करती हैं।
सोहा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह पहले कॉफी के बिना सुबह नहीं उठ सकती थीं, लेकिन पेरिमेनोपॉज के बाद खाली पेट कॉफी पीने से परेशानी होने लगी। अब उन्होंने कॉफी की जगह एक साधारण और हेल्दी ड्रिंक शुरू कर दी है, जिससे उन्हें काफी फायदा हुआ है। सोहा ने बताया कि पेरिमेनोपॉज के दौरान हार्मोनल बदलाव, खासकर एस्ट्रोजन के उतार-चढ़ाव से एसिडिटी, पेट फूलना और कैफीन के प्रति संवेदनशीलता बढ़ जाती है।
उन्होंने गर्म पानी, नींबू, अदरक, चिया सीड्स और हल्दी वाले ड्रिंक का सेवन शुरू किया। इस ड्रिंक ने उनकी दिन की शुरुआत को बहुत आसान और संतुलित बना दिया है। सोहा ने बताया यह ड्रिंक शरीर को अच्छे से हाइड्रेट करती है, पाचन सुधारती है, पेट फूलने की समस्या कम करती है और पूरे दिन शरीर में एनर्जी बनी रहती है। सोहा इस ड्रिंक में एक चुटकी हल्दी भी मिलाती हैं, जिसमें करक्यूमिन होता है। हल्दी सूजन कम करने और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के लिए जानी जाती है। यह जोड़ों की अकड़न और सूजन में भी राहत दे सकती है, जो पेरिमेनोपॉज के दौरान कई महिलाओं को परेशान करती है। काली मिर्च के साथ हल्दी लेने से इसका अवशोषण बेहतर हो जाता है।
सोहा ने ड्रिंक की आसान रेसिपी शेयर करते हुए बताया, आधा गिलास गर्म पानी लें और उसमें आधा नींबू निचोड़ें फिर एक चुटकी गुलाबी नमक (सेंधा नमक) , हल्दी और काली मिर्च मिलाएं। फिर इसमें रात भर भिगोए चिया सीड्स और ताजा कसा अदरक डालें फिर अच्छी तरह मिलाकर 1 मिनट रखें और फिर धीरे-धीरे घूंट-घूंट करके पिएं। अभिनेत्री ने बताया कि वह सुबह सबसे पहले यह ड्रिंक पीती हैं और 20-30 मिनट बाद नाश्ता करती हैं।
अभिनेत्री ने सलाह दी कि चिया सीड्स को हमेशा भिगोकर ही इस्तेमाल करें। अगर किसी को पेट या निगलने की समस्या है तो यह ड्रिंक न लें। यह ड्रिंक कैफीन की तरह तेज असर नहीं करती, बल्कि सौम्य तरीके से शरीर को संतुलित करती है। सोहा ने यह भी बताया कि पेरिमेनोपॉज, मेनोपॉज और हार्मोनल बदलाव के बारे में उन्होंने मिनी माथुर और डॉ. सुखप्रीत पटेल के साथ एक पूरा एपिसोड किया है, जो उनके यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
--आईएएनएस
एमटी/एएस