×

पहले दोस्ती, फिर प्यार और 4 साल बाद शादी: कुछ ऐसी रही निहार पांड्या-नीति मोहन की खूबसूरत कहानी

 

मुंबई, 27 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मी दुनिया में रिश्ते अक्सर बनते और टूटते रहते हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सच्चे प्यार की मिसाल बन जाती हैं। ऐसी ही एक खूबसूरत कहानी है अभिनेता निहार पांड्या और सिंगर नीति मोहन की, जिन्होंने करीब चार साल तक एक-दूसरे को डेट किया। यह रिश्ता धीरे-धीरे मजबूत हुआ और फिर हमेशा के लिए एक मजबूत बंधन में बंध गए। निहार पांड्या के 44वें जन्मदिन के मौके पर हम उनकी लव स्टोरी के बारे में बात करेंगे।

निहार पांड्या का जन्म 28 मार्च 1982 को एक साधारण परिवार में हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की। वह हमेशा से एक्टिंग में कुछ बड़ा करना चाहते थे, लेकिन उनका रास्ता आसान नहीं था। लंबे समय तक स्ट्रगल करने के बाद उन्हें कंगना रनौत की फिल्म में काम करने का मौका मिला। उन्होंने 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में उन्होंने बाजीराव द्वितीय का किरदार निभाया। इस रोल के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और खास ट्रेनिंग भी ली।

निहार का नाम उनके करियर से ज्यादा उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहा। शुरुआती दिनों में वह दीपिका पादुकोण के साथ रिश्ते में थे। दोनों की मुलाकात एक्टिंग स्कूल में हुई थी और यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों कुछ सालों तक साथ रहे, लेकिन बाद में ब्रेकअप हो गया। इसके बाद उनका नाम गौहर खान के साथ भी जुड़ा, हालांकि यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला।

निहार की जिंदगी में असली स्थिरता तब आई जब उनकी मुलाकात नीति मोहन से हुई। नीति एक जानी-मानी सिंगर हैं और उन्होंने कई सुपरहिट गाने गाए हैं। दोनों की मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। निहार और नीति ने करीब चार साल तक एक-दूसरे को डेट किया। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे को अच्छे से समझा।

चार साल की डेटिंग के बाद, दोनों ने शादी करने का फैसला किया और 15 फरवरी 2019 को शादी के बंधन में बंध गए। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं, और फैंस ने इस जोड़ी को खूब प्यार दिया। शादी के बाद, कपल ने बेटे आर्यवीर का स्वागत किया।

--आईएएएस

पीके/एएस