×

'पहले बताएं आपने गीता पढ़ी है या नहीं', अमित शाह की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता ने दी प्रतिक्रिया

 

मुंबई, 2 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी के नेता हुसैन दलवाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की युवाओं को 'भगवद गीता' पढ़ने की सलाह पर प्रतिक्रिया दी है। दलवाई ने कहा कि पहले अमित शाह को बताना चाहिए कि उन्होंने भगवद गीता पढ़ी है या नहीं। इस दौरान, उन्होंने सिद्धिविनायक मंदिर के दान में चोरी के आरोपों को लेकर भी बयान दिया।

अमित शाह की टिप्पणी को लेकर हुसैन दलवाई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह ठीक है कि भगवद गीता पढ़नी चाहिए, लेकिन अमित शाह ने भगवद गीता पढ़ने के बाद भी बहुत गलतियां की हैं। उनके खिलाफ बहुत सारे आरोप हैं। पहले अमित शाह को बताना चाहिए कि उन्होंने भगवद गीता पढ़ी है या नहीं।"

मनसे प्रमुख राज ठाकरे की ओर से सिद्धिविनायक मंदिर में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर कांग्रेस नेता ने कहा, "यह बहुत गंभीर मामला है। लोग दान देते हैं, और बड़ी संख्या में गरीब लोग भी वहां जाते हैं। अगर उस दान को इस तरह लूटा जा रहा है, तो यह बहुत गंभीर मुद्दा है।"

उन्होंने कहा कि राज ठाकरे की ओर से किए गए दावों की जांच होनी चाहिए और दान में गबन करने वाले लोगों को सजा होनी चाहिए। आरोपियों से पूरा पैसा भी वसूल करना चाहिए। वो पैसा ऐसा है जिसे गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए लगाया जाना चाहिए।

इसी बीच, हुसैन दलवई ने समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख अबू आजमी के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें कहा कि लोगों को मुफ्त राशन के बजाय रोजगार मिलना चाहिए।

दलवई ने कहा, "बहुत अच्छी बात है। अबू आजमी ने बहुत सही बात की। लोग काम करना चाहते हैं। उन्हें काम दो। काम के जरिए बड़े पैमाने पर विकास होता है। लोग आपकी भीख नहीं चाहते हैं, बल्कि उन्हें काम चाहिए। इस पर सरकार को विचार करना चाहिए।"

--आईएएनएस

डीसीएच/