☰
×

पहला टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया ने बनाई मैच में पकड़, साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे दिन की समाप्ति तक 139 रन की बढ़त

 

डरबन, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के खिलाफ किंग्समीड में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पकड़ बना ली है। पहली पारी के आधार पर 106 रन की बढ़त हासिल करने के बाद मेहमान टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 33 रन बनाकर 139 रन की लीड बना ली है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 390 रन बनाए। इस पारी में स्टीव स्मिथ ने मार्नस लाबुशेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की, जबकि मैट रेनेशॉ ने पैट कमिंस के साथ सातवें विकेट के लिए 86 रन जुटाए। इनके अलावा, नाथन लियोन ने मैट रेनेशॉ के साथ 134 रन जोड़े।

इस पारी में रेनेशॉ 22 बाउंड्री के साथ 190 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पैट कमिंस ने 43 रन की पारी खेली। इनके अलावा, मार्नस लाबुशेन ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से वियान मुल्डर ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि मार्को जानसेन को 3 विकेट हाथ लगे। एनरिक नॉर्त्जे ने 2 विकेट अपने नाम किए।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम पहली पारी में 284 रन ही बना सकी। मेजबान टीम ने रयान रिकल्टन (0) के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया। उस समय तक खाता भी नहीं खुला था। इसके बाद एडेन मार्करम (37) ने डेविड बेडिंगहाम (49) के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम लड़खड़ा गई। आलम ये रहा कि 99 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए थे।

इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने वियान मुल्डर के साथ पांचवें विकेट के लिए 56 रन जुटाकर टीम को 155 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन 197 रन पर 8 विकेट गिर गए थे। इसके बाद साइमन हार्मर ने केशव महाराज के साथ नौवें विकेट के लिए 52 रन और एनरिक नॉर्त्जे के साथ अंतिम विकेट के लिए 35 रन जुटाकर टीम को 284 रन तक पहुंचाया। पैट कमिंस ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने 2-2 विकेट निकाले।

ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी के आधार पर 106 रन की बढ़त थी। उसने तीसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 5.4 ओवरों का सामना करते हुए बगैर कोई विकेट गंवाए 33 रन बनाए। खराब रोशनी के चलते स्टंप्स की घोषणा तक निक मैडिंसन ने 17 रन, जबकि ट्रेविस हेड ने 10 रन अपने खाते में जोड़ लिए थे।

--आईएएनएस

आरएसजी