पहला टेस्ट: अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को दिया करारा जवाब, तीसरे दिन के खेल तक स्कोर- 402/7
शारजाह, 7 नवंबर (आईएएनएस)। सेदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह और कप्तान रहमत शाह की शानदार पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट में करारा जवाब दिया है। जिम्बाब्वे को 504 के स्कोर पर रोकने के बाद अफगानिस्तान ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 402 रन बना लिए हैं।
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे को इनोसेंट काइया और बेन करेन की जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी के बीच 60 रन की साझेदारी हुई।
इनोसेंट 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद ब्रेंडन टेलर ने बेन करेन (42) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन और कप्तान ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 262 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद तेजी से विकेट गिरे।
आलम ये रहा कि जिम्बाब्वे ने 287 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए, लेकिन कप्तान बेनेट ने वेस्ली मधेवेरे के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन जुटाकर जिम्बाब्वे को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बेनेट 11 चौकों के साथ 128 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मधेवेरे ने 54 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, तफाद्जवा त्सिगा ने 44 रन और ग्रेम क्रेमर ने नाबाद 34 रन की पारी खेली।
विपक्षी खेमे से मोहम्मद सलीम और कैस अहमद ने 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं, जिया उर रहमान अकबर को 2 विकेट हाथ लगे।
इसके जवाब में अफगानिस्तान ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 7 विकेट खोकर 402 रन बना लिए हैं। इस टीम को महज 14 के स्कोर पर अब्दुल मलिक (2) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद सेदीकुल्लाह अटल ने रहमानुल्लाह के साथ दूसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी करते हुए अफगान खेमे को संभाला।
सेदिकुल्लाह 213 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 105 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान रहमत शाह ने मोर्चा संभालते हुए रहमानुल्लाह (113) के साथ 31 रन और हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ 24 रन जुटाकर टीम को मजबूती दी।
टीम को 275 के स्कोर पर शाहिदुल्लाह कमाल (0) के रूप में पांचवां झटका लग गया था, जिसके बाद शाह ने इकराम अलिखिल (40) के साथ 65 रन और कैस अहमद (27) के साथ 55 रन जोड़कर टीम को 400 के करीब पहुंचा दिया। दिन की समाप्ति तक रहमत शाह 9 बाउंड्री के साथ 94 रन बनाकर नाबाद थे। विपक्षी खेमे से न्यूमैन न्यामहूरी 62 रन देकर 4 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि ग्रेम क्रेमर ने 2 विकेट अपने नाम किए हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी