×

'पीडीए से सब घबराए हुए हैं', विनोद तावड़े के बयान पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद की प्रतिक्रिया

 

अयोध्या, 6 सितंबर (आईएएनएस)। यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप-राज्यपाल बनाए जाने समेत कई मामलों पर समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए विनोद तावड़े के बयान 'पीडीए का मतलब पराया धन अपना' पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "पीडीए से सब घबराए हुए हैं। पीडीए से मुख्यमंत्री और संघ समेत भाजपा घबराई हुई है। इसलिए ओछे बयान दिए जा रहा हैं।"

यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप-राज्यपाल बनाए जाने पर सपा सांसद ने कहा, "इसका कोई मतलब नहीं है, जनता ने सरकार को हटाने का मन बना लिया है। भाजपा सरकार और नेताओं के प्रति प्रदेश और देश के लोगों का भरोसा उठ गया है। दूसरी तरफ अगर भरोसा और यकीन बढ़ा है तो सपा और अखिलेश के प्रति बढ़ा है। अखिलेश यादव के नेतृत्व शानदार सरकार बनेगी।"

अवधेश प्रसाद ने कहा, "सरकार बनते ही प्रदेश की महिलाओं को 40 हजार रुपए, छात्रों को लैपटॉप, किसानों को भरपूर सहायता और युवकों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। सरकार बनने के 24 घंटे के अंदर आउटसोर्सिंग खत्म कर दी जाएगी। शिक्षा मित्रों को पहले की तरह ही समायोजित किया जाएगा।"

जनगणना को लेकर सपा सांसद ने कहा, "मंशा के अनुसार जनगणना नहीं कराई जा रही है। कॉलम नंबर 4 में अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य जाति है। इसमें पिछड़ी जाति कहां गई। इसमें भी सरकार हेराफेरी जरूर करेगी। वास्तविक तौर से जनगणना होनी चाहिए, लीग से हटकर काम हो रहा है।"

एशिया कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर से पाकिस्तान को हराने पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "खिलाड़ियों हमेशा अपने हुनर द्वारा दुनियाभर में हिंदुस्तान के मस्तक को ऊंचा करने का काम किया है। हमारी महिला खिलाड़ियों ने जिस तरह से पाकिस्तान को हराया है, सभी खिलाड़ी बधाई और अभिनंदन के पात्र हैं।

धीरेंद्र शास्त्री के बयान 'यह देश बाबर का नहीं, रघुबर का है' पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "यह देश सबका है। यह देश न तेरा है न मेरा है, यह देश सबका है। अगर बात ये न समझी गई तो नुकसान सबका है।"

--आईएएनएस

एसडी/