☰
×

पटना: शेयर मार्केट में दोगुना रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, आरोपी श्रीधर पाठक गिरफ्तार

 

पटना, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना में शेयर मार्केट में निवेश के जरिए दोगुना रिटर्न दिलाने का दावा कर करीब 4 करोड़ रुपए की कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस ने श्रीधर पाठक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कई लोगों से बड़ी रकम लिए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि निवेश के उद्देश्य से ली गई रकम का निर्धारित काम में इस्तेमाल नहीं किया गया और उसे दूसरी जगह डायवर्ट किए जाने की बात सामने आई है।

गिरफ्तार किया गया आरोपी श्रीधर पाठक मूल रूप से नालंदा जिले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह पटना से फरार हो गया था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।

एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि कुछ माह पहले कोतवाली थाना में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। इसमें करीब 4 करोड़ रुपए के लेन-देन और हेराफेरी का आरोप दर्ज था। संबंधित लोगों से जिस उद्देश्य के लिए पैसे लिए गए थे, उस उद्देश्य की पूर्ति नहीं की गई। इसके बदले कुछ चेक भी दिए गए, लेकिन वे चेक बाउंस हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों का दावा था कि वे लोगों के पैसे शेयर मार्केट में लगाकर उनके लिए कमाई करेंगे और रकम को बढ़ाकर वापस देंगे। मामला बड़ी रकम के लेन-देन से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

उन्होंने बताया कि श्रीधर पाठक को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जांच के दौरान जानकारी मिली कि कई अन्य लोगों से भी इसी तरह पैसे लिए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से वारंट प्राप्त किया और श्रीधर पाठक को गिरफ्तार किया। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद श्रीधर पाठक से पूछताछ की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण बातें पुलिस के संज्ञान में आई हैं। पुलिस को इस मामले में लगातार नए आवेदन भी प्राप्त हो रहे हैं। कई लोगों ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनसे भी इसी तरह करोड़ों रुपये लिए गए हैं। पुलिस सभी आवेदनों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। रकम का आकार काफी बड़ा होने के कारण जांच को और व्यापक किया जाएगा।

कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि मामले में बड़ी रकम के लेन-देन की बात सामने आने के कारण आर्थिक अपराध से जुड़े अन्य विभागों को भी इसकी जानकारी दी जाएगी। इनकम टैक्स समेत अन्य संबंधित विभागों को भी सूचित किया जाएगा, ताकि मामले की जांच और अधिक गहराई से की जा सके। अलग-अलग लोगों से मिले आवेदनों और सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। रकम कहां से ली गई, उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया और किन लोगों से संबंधित लेन-देन हुआ, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस काम कर रही है। एएसपी ने आगे कहा कि मामले में अभी कई बिंदुओं पर विस्तृत जांच चल रही है। पुलिस को जैसे-जैसे नई जानकारी और आवेदन मिल रहे हैं, उन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके