×

पटना में शिवाजी महाराज की गगनचुंबी 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' की स्थापना की मांग को लेकर निकाली रैली

 

पटना, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्रपति शिवाजी महाराज सामाजिक समरसता अभियान के तहत शिवाजी महाराज की प्रतिमा 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' स्थापित करने की मांग को लेकर रविवार को पटना के मरीन ड्राइव पर एक रैली निकाली गई ।

इस रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया और 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' के लिए सरकार से भूमि आवंटन की पुरजोर आवाज के साथ अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिवाजी परिवार को मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली के समर्थकों का भी साथ मिला।

गंगा स्नान संकल्प महासंगम के बाद निर्धारित स्थल पर शिवाजी महाराज परिवार की ओर से काफी संख्या में जलाभिषेक कर माल्यार्पण किया। इस मौके पर 'जय भवानी, जय शिवाजी महाराज' के जयघोष गूंजता रहा। भाजपा नेता और अभियान के संयोजक प्रणव प्रकाश ने कहा कि पिछले कई वर्षों से छत्रपति शिवाजी महाराज की गगनचुंबी प्रतिमा लगाने के लिए ज़मीन आवंटन की मांग की जा रही है। पिछले साल भी मरीन ड्राइव पर ही ज़मीन आवंटन की मांग करते हुए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हुए थे।

रैली से पूर्व शिवाजी परिवार का जनसमूह गंगा स्नान कर संकल्प लिया कि चाहे भाजपा की सरकार हो या जदयू की, जन आकांक्षा के अनुरूप शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करनी होगी। आयोजक प्रणव प्रकाश ने कहा कि शिवाजी का गवर्नेंस मॉडल, ग्राम स्वराज, पिछड़ों व वंचितों को आवाज तभी मिलेगी जब शिवाजी के आदर्शों को नई पीढ़ी अपनाएगी।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा से भारत विकसित भारत, आत्मनिर्भर और राष्ट्रधर्म की चेतना के साथ आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि आज शिवाजी की मूर्ति स्थापित करने की मांग बिहार का जन-जन कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार बहुत जल्द भूमि का आवंटन करेगी। 'स्टैच्यू आफ गवर्नेंस' को लेकर हम गांव-गांव घूम रहे हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम