×

पटना में चेहल्लुम जुलूस के दौरान बवाल, बीच-बचाव में खाजेकलां थानाध्यक्ष घायल

 

पटना, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में चेहल्लुम के मौके पर बुधवार की शाम को बिना प्रशासनिक अनुमति निकाले गए जुलूस के दौरान दो अखाड़ों के युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे खाजेकलां थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा बीच-बचाव के दौरान घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगी, हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, चेहल्लुम के अवसर पर बिना पूर्व अनुमति एक जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान दो अखाड़ों के युवकों के बीच जुलूस को आगे ले जाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।

सूचना मिलने पर खाजेकलां थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का-मुक्की में थानाध्यक्ष के सिर में चोट लग गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। उपचार के बाद वह दोबारा ड्यूटी पर लौट आए।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। इसके बाद हालात पर काबू पा लिया गया। थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा ने बताया कि दो समूहों के बीच हाथापाई हो रही थी। उसे रोकने और विवाद शांत कराने के दौरान उन्हें चोट लगी।

उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी धार्मिक जुलूस या सार्वजनिक आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक है। बिना अनुमति जुलूस निकालना नियमों का उल्लंघन है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। हंगामा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल खाजेकलां और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसकेव