पटियाला के एनआईएस में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गिरी छत, एक खिलाड़ी घायल
पटियाला, 15 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के पटियाला स्थित नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (एनआईएस) में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इमारत की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद कुछ लोग आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में एक युवक को चोटें आई हैं, जिसे अस्पताल भेजा गय। फिलहाल घटना के संबंध में और अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के दौरान एक खिलाड़ी परफॉर्म कर रहा था, तब तक छत का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया और वहां मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया।
पटियाला का यह संस्थान देश के लिए बेहद अहम है। इसका पूरा नाम नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान है। इसे भारतीय खेलों का 'मक्का' भी कहा जाता है।
इसकी स्थापना 7 मई 1961 को हुई थी। 1973 में इसका नाम बदलकर नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान किया गया। यह पटियाला, पंजाब में ऐतिहासिक ओल्ड मोती बाग पैलेस में स्थित है। यह भारतीय खेल प्राधिकरण का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक हिस्सा है। संस्थान लगभग 268 एकड़ में फैला हुआ है।
एनआईएस एशिया का सबसे बड़ा खेल संस्थान माना जाता है। यहां से देश के कई नामी खिलाड़ी और कोच निकले हैं। 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर हुए इस हादसे के बाद संस्थान और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की बात कही जा रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी