'पटाखे बंद कर देंगे पर गारंटी कौन देगा कि एक्यूआई 300 से ऊपर नहीं जाएगा', सीटीआई ने उठाए सवाल
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में दीपावली पर जले पटाखों को लेकर मचे घमासान के बीच व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने बड़ा बयान जारी किया है। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि वे प्रदूषण के पूरी तरह खिलाफ हैं और दिल्ली की हवा को साफ देखना चाहते हैं लेकिन प्रदूषण के लिए सिर्फ 1 दिन की दीपावली के पटाखों को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है।
सीटीआई ने कहा कि प्रदूषण के नाम पर सिर्फ पटाखा व्यापारियों की रोजी-रोटी पर ताला लगाना समाधान नहीं है। बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली के बहुत सारे पटाखा कारोबारी उनसे जुड़े हुए हैं और वो उनको मना भी लेंगे कि वो अगले साल दिल्ली में पटाखों की दुकानें नहीं लगाएंगे और ना ही पटाखे बेचेंगे। हालांकि कोई विश्वसनीय और जवाबदेह पार्टी या संस्था इस बात की गारंटी ले कि अक्टूबर से जनवरी के बीच दिल्ली में प्रदूषण नहीं होगा और एक्यूआई लेवल 300 से ऊपर नहीं जाएगा।
सीटीआई ने सबसे बड़ा सवाल उठाया कि पटाखे 8 नवंबर को जले लेकिन 5, 6 और 7 नवंबर को भी दिल्ली में एक्यूआई 350 से 400 के बीच दर्ज किया गया। उस प्रदूषण के लिए कौन जिम्मेदार था? उस समय तो पटाखे जले ही नहीं थे।
सीटीआई का कहना है कि यह तथ्य खुद साबित करता है कि दिल्ली के प्रदूषण का मूल कारण पटाखे नहीं हैं। पटाखों को दोष देना सबसे आसान है लेकिन तथ्यों से आंखें मूंदना सही नहीं है। सीटीआई ने पूछा कि हर साल अक्टूबर से जनवरी के बीच ही प्रदूषण चरम पर क्यों होता है? मार्च, अप्रैल, मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर में प्रदूषण क्यों नहीं होता?
इसका उत्तर सब जानते हैं क्योंकि इन महीनों में पड़ोसी राज्यों में पराली नहीं जलाई जाती है। जैसे ही पराली जलना शुरू होती है, दिल्ली का दम घुटने लगता है। जैसे ही पराली जलना बंद होती है, दिल्ली की हवा साफ हो जाती है। यह सीधा संबंध किसी से छिपा नहीं है। फिर हर साल पराली पर कार्रवाई के बजाय दीपावली के पटाखों को ही दोष क्यों दिया जाता है।
पटाखा उद्योग से देशभर में लगभग 10 लाख लोग जुड़े हैं। शिवकाशी की फैक्ट्रियों से लेकर दिल्ली के खुदरा दुकानदार तक, सभी ने कानूनी रूप से लाइसेंस, स्टॉक और पूंजी लगाई है। एक छोटा व्यापारी साल भर पूंजी लगाता है और केवल दीपावली के 15-20 दिनों में अपनी वार्षिक आय अर्जित करता है। अंतिम समय पर प्रतिबंध लगने से उसका पूरा निवेश डूब जाता है। जब व्यापारियों ने न्यायालय के निर्देश पर ग्रीन पटाखे बनाए, तब भी उन्हें बार-बार निशाना क्यों बनाया जाता है।
सीटीआई ने कहा कि बच्चे सालभर दीपावली का इंतजार करते हैं। उनके लिए दीपावली का अर्थ नए वस्त्र, मिठाई, दीये और पटाखों की खुशी है। हम बच्चों को यह नहीं सिखाना चाहते कि त्योहार का अर्थ केवल प्रतिबंध है। वह किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, हम सबका सम्मान करते हैं लेकिन यह प्रश्न उठाना हमारा अधिकार है कि पर्यावरण के नाम पर कार्रवाई हमेशा हिंदू त्योहारों पर ही सबसे सख्त क्यों होती है।
सीटीआई ने सवाल उठाते हुए कहा कि दीपावली पर पटाखे, होली पर पानी, छठ पर यमुना, कांवड़ यात्रा पर डीजे, गणपति विसर्जन पर प्रदूषण- हर बार सबसे पहले नियम, सबसे पहले प्रतिबंध, सबसे पहले याचिका हिंदू त्योहारों पर ही क्यों आती है?
वहीं, नए साल की रात 12 बजे पूरे देश में पटाखे जलते हैं, उस समय ऐसी आवाजें क्यों नहीं उठती? प्रथा और धर्म के नाम पर कुर्बानी दी जाती है, तब कोई आवाज नहीं उठाता है लेकिन सनातन धर्म के सबसे बड़े त्योहार दीपावली को ही हमेशा निशाना बनाया जाता है।
बृजेश गोयल ने कहा कि हम चाहते हैं कि साफ हवा भी हो, व्यापार भी चले, परंपरा भी बचे, बच्चों की खुशियां भी बनी रहें और कानून सबके लिए बराबर हो। प्रदूषण का समाधान चयनात्मक प्रतिबंध में नहीं बल्कि साल भर के वैज्ञानिक और संतुलित प्रबंधन में है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम