Indigo Flight में यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट के लीवर कवर से की छेड़छाड़, हवा में बजा अलार्म; यात्रियों में मची अफरा-तफरी
दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने विमान के इमरजेंसी एग्जिट के लीवर कवर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर दी। घटना के बाद विमान में लगा अलार्म बजने लगा और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए क्रू मेंबर की शिकायत पर यात्री के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E6884 में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यात्री की पहचान गौरव सत्येंद्र रौतेला (33) के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के पुणे जिले के सासवड का रहने वाला है और विमान में इमरजेंसी एग्जिट के पास वाली सीट पर बैठा था।
टेकऑफ के बाद इमरजेंसी एग्जिट से की छेड़छाड़
पुलिस के अनुसार, फ्लाइट ने सोमवार रात करीब 12:45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और रात करीब 2 बजे पुणे पहुंची। टेकऑफ के कुछ समय बाद यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट के दरवाजे पर लगे लीवर के कवर को छूने और उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इसके बाद विमान का अलार्म बज उठा।
अचानक अलार्म बजने से विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स के बीच चिंता की स्थिति बन गई। हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से पुणे पहुंच गया।
क्रू मेंबर की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
घटना के बाद क्रू मेंबर ने यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर एयरपोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को नोटिस भी जारी किया है।
आरोपी के खिलाफ लापरवाही या उतावलेपन से ऐसा काम करने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं, जिससे किसी व्यक्ति की जान या निजी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसके अलावा एयरक्राफ्ट एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
यात्री ने पुलिस को बताई यह वजह
एयरपोर्ट पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर गोविंद पवार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गौरव रौतेला ने अपनी सफाई में कहा कि उसने केवल जिज्ञासावश इमरजेंसी एग्जिट के लीवर कवर को छुआ था।
उसका कहना था कि उसे जानकारी नहीं थी कि यह कवर विमान के इमरजेंसी एग्जिट सिस्टम से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि विमान के सुरक्षा सिस्टम से इस तरह की छेड़छाड़ बेहद गंभीर हो सकती है।
दूसरे यात्रियों की जान को भी हो सकता था खतरा
विमान का इमरजेंसी एग्जिट यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। उड़ान के दौरान इसके सिस्टम से किसी भी तरह की अनधिकृत छेड़छाड़ से गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, इस तरह की हरकत से विमान में सवार अन्य यात्रियों की जान और सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है।