×

पश्चिम बंगाल: टॉलीगंज सीट पर बड़ा उलटफेर, भाजपा की पापिया अधिकारी ने अरूप बिस्वास को हराया

 

कोलकाता, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की टॉलीगंज विधानसभा सीट का परिणाम सामने आ गया है। इस सीट पर इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस के कब्जे वाली इस हाई-प्रोफाइल सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए टीएमसी का किला ढहा दिया है। भाजपा उम्मीदवार पापिया अधिकारी ने टीएमसी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास को 6 हजार से ज्यादा वोटों से हराकर जीत हासिल की।

नतीजों के साथ ही साउथ कोलकाता की यह अहम सीट एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गई है। 2001 के बाद से टॉलीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस का लगातार दबदबा रहा था और पार्टी ने इसे अपने मजबूत गढ़ में तब्दील कर दिया था। अरूप बिस्वास 2006 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे और हर चुनाव में अपने जीत के अंतर को बनाए रखा। हालांकि, इस बार चुनावी मुकाबले में समीकरण बदलते नजर आए और भाजपा ने यहां सेंध लगाते हुए टीएमसी को बड़ा झटका दिया।

इस सीट का राजनीतिक इतिहास उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। शुरुआती दशकों में वामपंथी दलों का दबदबा रहा, जिन्होंने यहां आठ बार जीत दर्ज की थी।

टॉलीगंज, जिसे मिनी-मुंबई के नाम से भी जाना जाता है, सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि बंगाल की फिल्म इंडस्ट्री का दिल माना जाता है। साउथ 24 परगना जिले में स्थित यह सीट जादवपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है और कोलकाता नगर निगम के नौ वार्डों को कवर करती है।

टॉलीगंज का चुनावी रुझान लोकसभा चुनावों में भी साफ दिखता है। 2009 में जहां वामपंथी दल आगे थे, वहीं 2014 के बाद से तृणमूल कांग्रेस ने लगातार बढ़त बनाए रखी है। भाजपा ने धीरे-धीरे खुद को मुख्य चुनौती के रूप में स्थापित किया है और 2021 के विधानसभा चुनाव में भी यही तस्वीर देखने को मिली।

डेमोग्राफिक तौर पर यह सीट एक समृद्ध और शहरी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती है। 2024 के आंकड़ों के अनुसार यहां करीब 2.63 लाख मतदाता हैं, जिनमें अनुसूचित जाति के वोटर 10-12 प्रतिशत के आसपास हैं। यह इलाका पूरी तरह शहरी है और यहां कोई ग्रामीण वोटर नहीं है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में वोटिंग प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है, जो शहरी उदासीनता को दर्शाता है।

टॉलीगंज की पहचान उसकी सांस्कृतिक और फिल्मी विरासत से भी जुड़ी है। यह इलाका टॉलीवुड का केंद्र है। यहां इंद्रपुरी और टेक्नीशियन स्टूडियो जैसे प्रमुख फिल्म स्टूडियो स्थित हैं। साथ ही, उत्तम कुमार के नाम पर बना महानायक उत्तम कुमार मेट्रो स्टेशन, टॉलीगंज क्लब और ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स इस इलाके की खास पहचान हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से भी टॉलीगंज एक महत्वपूर्ण हब है। मेट्रो, ट्राम और रेलवे कनेक्टिविटी इसे कोलकाता के अन्य हिस्सों से जोड़ती है। सड़क मार्ग से यह लेक गार्डन्स, बेहाला, जादवपुर और अन्य इलाकों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है, जिससे यह क्षेत्र आवागमन के लिहाज से काफी सुविधाजनक बनता है।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी