×

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर मध्य प्रदेश के मंत्री ने बांटी झालमुड़ी

 

सागर, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में मिली जीत पर भारतीय जनता पार्टी जश्न मना रही है। जहां मध्य प्रदेश में जगह-जगह मिठाई बांटी जा रही है तो वहीं सागर जिले में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने झालमुड़ी का वितरण कर जीत की खुशी जाहिर की।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने सागर स्थित निवास पर बंगाल में भाजपा की जीत की खुशियां मनाईं। उत्साहपूर्ण माहौल में मिठाइयों के साथ-साथ पारंपरिक बंगाली व्यंजन झालमुड़ी वितरित कर जीत की खुशी साझा की गई।

मंत्री राजपूत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन का मार्ग चुनते हुए विकास, सुशासन और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। यह जनादेश स्पष्ट करता है कि देश की जनता अब तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से ऊपर उठकर पारदर्शिता और प्रगति की राह पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति जनता के विश्वास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के प्रयास देश के हर कोने में प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं, जिसका प्रतिबिंब इस चुनाव परिणाम में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा आने वाले समय में भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी