×

पश्चिम बंगाल में बदलाव की आहट, इस बार खिलेगा कमल: रेखा गुप्ता

 

कोलकाता, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की स्थिति और वहां की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कई तीखे बयान दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे मतदान का दिन करीब आ रहा है, उनका विश्वास और मजबूत होता जा रहा है कि बंगाल की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उनका मानना है कि पिछले कई वर्षों से राज्य के लोग डर और भय के माहौल में जी रहे हैं और अब वे बदलाव चाहते हैं। रेखा गुप्ता ने यह दावा भी किया कि जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है और वह एक नई शुरुआत की उम्मीद कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। चुनाव परिणाम के बाद जो नया सवेरा आएगा, वह राज्य के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा, जिसमें हर नागरिक के लिए सम्मान, सुरक्षा और विकास की भावना होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी दृष्टि में भविष्य का बंगाल भयमुक्त और विकास आधारित शासन की ओर आगे बढ़ेगा।

रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा टीएमसी सरकार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है और महिला सीएम होने के बावजूद कई लोग यहां खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं। इसके साथ ही, उन्होंने रोजगार, किसानों की स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि जनता बदलाव चाहती है।

इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के एक साधारण दुकान से झालमुरी लेकर खाने को टीएमसी द्वारा पब्लिक स्टंट बताए जाने पर पलटवार किया। दिल्ली की सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसे नेता हैं जो देश के हर वर्ग से जुड़े हुए हैं, चाहे वह मजदूर हो, किसान हो या आम नागरिक। ऐसे नेता के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। प्रधानमंत्री हमेशा से ही जनता के बीच रहने वाले नेता रहे हैं और वे हर वर्ग के साथ सहजता से जुड़ते हैं।

वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा शराब घोटाले मामले में जज बदलने की याचिका खारिज होने पर सीएम रेखा ने कहा कि हाई कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले ने न्यायपालिका की निष्पक्षता को एक बार फिर साबित किया है। न्यायपालिका पर सवाल उठाना सही नहीं है और अदालतों के निर्णयों का सम्मान किया जाना चाहिए।

रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि जब किसी मामले में निर्णय किसी के पक्ष में आता है तो उसे स्वीकार किया जाता है, लेकिन विपरीत स्थिति में संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश बताया।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी