×

पश्चिम बंगाल के सीईओ स्वयं कर रहे हैं लाइव मॉनिटरिंग, गड़बड़ी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की तैयारी

 

कोलकाता, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग की निगरानी में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया जारी है। इस दौरान पश्चिम बंगाल के सीईओ राज्य स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से वेब कास्टिंग और मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए पूरे चुनावी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पश्चिम बंगाल के सीईओ कोलकाता स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से वेब कास्टिंग और मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए चुनावी बूथ पर नजर रख रहे है, जिससे शांतिपूर्वक चुनाव कराया जा सके। किसी भी बूथ पर कोई हरकत दिखने पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तुरंत संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहा है।

चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्वक चुनाव कराया जा रहा है, किसी को कोई भी परेशानी होने पर चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज करा सकता है।

गुरुवार सुबह शुरू हुए मतदान में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शुरुआती दो घंटों में ही अच्छी खासी वोटिंग दर्ज की गई। आयोग के अनुसार, सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में 18.76 प्रतिशत और तमिलनाडु में 17.69 प्रतिशत मतदान हो चुका था।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। आंकड़ों के मुताबिक पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 20.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि बांकुड़ा में 20.20 और झाड़ग्राम में 19.54 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, मालदा जिले में सबसे कम 16.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।

पहले चरण में जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें कूचबिहार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम शामिल हैं। राज्य की शेष 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा जबकि नतीजे 4 मई को घोषित होंगे।

वहीं, तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। यहां 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार तिरुप्पुर जिले में सबसे अधिक 20.38 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि रामनाथपुरम में सबसे कम 15.54 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम