×

पश्चिम बंगाल में जीत के बाद पीएम मोदी का भव्य रोड शो, वडोदरा में उत्साह की लहर

 

वडोदरा, 11 मई (आईएएनएस)। गुजरात के वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य रोड शो को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। जिस इलाके से पीएम का रोड शो गुजरेगा, उसे भगवामय कर दिया गया है। साथ ही, करीब 15 ऐसे मंच तैयार किए गए हैं, जहां देशभर की सांस्कृतिक झलकियां प्रस्तुत की जा रही हैं।

इन मंचों पर विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना रहे हैं। खास तौर पर असम का पारंपरिक बिहू नृत्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके अलावा, अन्य राज्यों के लोकनृत्य भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिससे पूरे कार्यक्रम में 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की झलक देखने को मिल रही है।

रोड शो से पहले पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गर्मी के बावजूद लोग बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सड़कों पर खड़े नजर आए। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया, जो घंटों पहले से ही रोड शो के रूट पर पहुंच गए थे।

वडोदरा महानगर भाजपा अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश सोने ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो को लेकर जबरदस्त उत्साह है। देश के प्रधानमंत्री का स्वागत होने वाला है और लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। पश्चिम बंगाल में भव्य जीत के बाद उनका यहां आना कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। भीषण गर्मी के बावजूद लोग सड़कों पर खड़े हैं। इसके लिए हम सभी का आभार व्यक्त करते हैं।

बंगाली समाज के तपन दास ने कहा कि हमें बहुत खुशी है। बंगाल में जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला रोड शो है। हम सभी उनके स्वागत के लिए बेहद उत्साहित हैं। वहीं, बंगाली समाज के प्रशांत ने कहा कि हम चाहते हैं कि पश्चिम बंगाल फिर से अपने पुराने गौरव को प्राप्त करे, जैसा वह 50-60 साल पहले था। प्रधानमंत्री मोदी इसके लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष मेहुल लखानी ने भी इस आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है। बंगाल चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यहां आना लोगों में और ज्यादा उत्साह भर रहा है। वडोदरा पूरी तरह ‘मोदीमय’ हो गया है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम