×

पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी चुने गए विधायक दल के नेता, गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई

 

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में नए मुख्यमंत्री के रुप में सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान हो गया है। अधिकारी को भाजपा विधायक दल के नेता चुना गया है। विधायक दल का नेता चुने जाने का बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगले सीएम के लिए उनके नाम की घोषणा की। अधिकारी को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बधाई दी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अमित शाह ने लिखा, "सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

उन्होंने आगे कहा, "बंगाल की जनता ने भय, घुसपैठ, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण के विरुद्ध प्रचंड जनादेश देकर भारतीय जनता पार्टी को सेवा का अवसर प्रदान किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बंगाल की भाजपा सरकार प्रदेश में विकास, सुरक्षा और समृद्धि का एक नया अध्याय लिखेगी।"

इससे पहले, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुवेंदु अधिकारी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सुवेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके सशक्त नेतृत्व में पश्चिम बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर होगा तथा सुशासन एवं विकास की नई पहचान स्थापित करेगा। आपके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल हेतु पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।

बता दें कि ममता बनर्जी को चुनाव हराने के बाद से ही सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। इन सब बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि अभी कुछ समय पहले ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई। 8 प्रस्ताव और समर्थन मिले हैं, सभी में एक ही नाम मिला है। मैं सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल के नेता के रूप में निर्वाचित घोषित करता हूं।

जानकारी के अनुसार, 9 मई को अधिकारी रवींद्र जयंती के मौके पर ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे।

--आईएएनएस

पीएसके