पश्चिम एशिया संकट को लेकर पीएम मोदी की बैठक पर मनोज झा ने कहा-'इंडिया' शब्द सुनकर खुशी हुई
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया संकट और नेपाल की सियासत को लेकर राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्रियों के साथ की गई वर्चुअल बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें यह सुनकर खुशी हुई कि लंबे समय बाद 'इंडिया' शब्द बोला गया।
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि जब से इंडिया ब्लॉक बना है, तब से इस शब्द से परहेज किया जा रहा था। मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'टीम इंडिया' की तरह काम करने की बात कही है, जो एक सकारात्मक संदेश है। लेकिन यह सिर्फ कहने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जमीन पर भी लागू किया जाना चाहिए।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उससे भारत पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की समीक्षा के लिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की।
वहीं, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी को लेकर भी मनोज झा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में बिना पूरी जानकारी के टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नेपाल में नई सरकार को बने अभी 24 से 48 घंटे ही हुए हैं और ऐसे में किसी भी जांच प्रक्रिया में समय लगना स्वाभाविक है। कानून के दायरे में रहकर ही इस मामले को देखा जाना चाहिए।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल में जो हालिया घटनाएं हुई हैं, वे चिंताजनक हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का मामला नहीं बल्कि विचारधारा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं करते और न ही उसे सही ठहरा सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीति में बदले की भावना नहीं होनी चाहिए और हालात को शांतिपूर्ण तरीके से संभाला जाना चाहिए।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम