पश्चिम बंगाल में इस बार बदलेगी सरकारः हृषिकेश साहा
सिलीगुड़ी, 21 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के उत्तर बंगाल क्षेत्र (प्रांत) के प्रमुख हृषिकेश साहा ने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जनता ही सरकार में बदलाव लाएगी।
हृषिकेश साहा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम पहले ही कह चुके हैं कि चुनावों में हमारा कोई काम नहीं है। चुनाव का समय आने पर हम कहते हैं कि सभी को मतदान करना चाहिए और दूसरों को भी मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। सभी को शांतिपूर्वक मतदान में भाग लेना चाहिए और मतदान में अच्छी भागीदारी होनी चाहिए। जो उम्मीदवार अच्छा हो, उसे वोट दें।"
विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर साहा ने कहा, "समाज में जो दिख रहा है, उससे लगता है कि बदलाव आएगा। सरकार भी बदल सकती है। यह मेरी निजी राय है। मैं बस वही साझा कर रहा हूं, जो मैंने देखा है। चुनाव आयोग एसआईआर करा रहा है, यह पहली बार नहीं हो रहा है। यह सरकार की भी जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहते हैं।"
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता शांति चाहती है। जीवन और संपत्ति सुरक्षित रहे और भाईचारा कायम रखने के लिए इस बार सत्ता परिवर्तन होने की उम्मीद है। चुनाव में सबसे अधिक अशांति और दंगे पश्चिम बंगाल में होते हैं। ऐसे में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए जनता को जागरूक होना होगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा के सभी 294 सदस्यों के चुनाव के लिए 23 और 29 अप्रैल 2026 को मतदान होगा। वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। इस बार सत्ता हासिल करने के लिए टीएमसी के साथ भाजपा ने भी पूरी जोर लगा दी है। दोनों दल लगातार अपने उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी