पश्चिम बंगाल: एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर का सुवेंदु अधिकारी पर हमला, बोले- ‘लोगों को धोखा दे रहे मुख्यमंत्री’
मुर्शिदाबाद, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों को धोखा दे रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं। हुमायूं कबीर ने कहा कि मुख्यमंत्री को लोगों के बीच जाकर झूठ नहीं बोलना चाहिए।
रेजीनगर में मुस्लिम मतदाताओं से सुवेंदु अधिकारी की अपील पर हुमायूं कबीर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “सरकार को साढ़े पांच महीने हो चुके हैं, लेकिन रेजीनगर के पास की विधानसभा में, जहां भाजपा जीती, कौन सा मॉडल तैयार हुआ है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहले दो सीटें थीं, लेकिन अब 208 सीटों पर जीत मिली और सरकार बनाई। मुख्यमंत्री सुवेंदु आज लोगों को झूठा आश्वासन दे रहे हैं कि रेजीनगर में भाजपा की जीत के बाद उसे मॉडल विधानसभा क्षेत्र बना देंगे।”
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री लोगों को धोखा दे रहे हैं और झूठे आश्वासन दे रहे हैं। मुख्यमंत्री को लोगों के बीच जाकर झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्हें सत्ता में बैठकर राज्य को चलाना चाहिए। उन्हें जनता ने समर्थन दिया है, तो इसका मतलब यह है कि क्या वो लोगों के साथ ऐसा करेंगे।”
हुमायूं कबीर ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की चर्चाओं पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं कहा कि मैं उनके (मुख्यमंत्री) पैर पकड़ूंगा या उनकी पार्टी में शामिल हो जाऊंगा। मैंने बस इतना कहा था कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद, चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण ढंग से वोटिंग कराई। भाजपा, जिसके पास 65 सीटें थीं, उसने अपनी सीटों की संख्या बढ़ाकर 208 कर ली। मैंने एक नई पार्टी बनाई, लगभग 100 सीटों पर चुनाव लड़ा और जिन दो सीटों पर लड़ा, उन दोनों पर जीत हासिल की।”
उन्होंने आगे कहा, “सुवेंदु अधिकारी बंगाल की आम जनता पर जुल्म कर रहे हैं। मैंने यही कहा था कि मैं यह पूछने जाऊंगा कि क्या लोगों को डराना और उन पर हमला करना भाजपा की विचारधारा है?”
हुमायूं ने कहा कि जिस दिन चुनाव की घोषणा हुई, उसी दिन से उपचुनाव के दौरान रेजीनगर में मेरे पार्टी कार्यकर्ताओं समेत लगभग 50 लोगों को उठा लिया गया। साथ ही, हुमायूं कबीर ने कहा, “पश्चिम बंगाल की वर्तमान सरकार एक समय लोगों का भरोसा खो देगी और आखिरकार गिर जाएगी।”
--आईएएनएस
डीसीएच/