☰
×

परिसीमन विधेयक पर आप और कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, संजय सिंह बोले-'यह भाजपा की जीत का विधेयक'

 

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया की मंशा पर सवाल उठाए हैं। आप सांसद संजय सिंह ने महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की जबकि मनीष सिसोदिया ने परिसीमन विधेयक को भाजपा की राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया। वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन से विपक्षी दलों को नुकसान और भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

आप नेता संजय सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक वर्ष 2023 में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के समर्थन से संसद में पारित हुआ था। यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना चाहते हैं, तो वे इसे कल से ही लागू कर सकते हैं। इसमें कोई बाधा नहीं है। उन्होंने परिसीमन विधेयक को भाजपा की चुनावी जीत से जोड़ते हुए कहा कि यह वास्तव में 'भाजपा की जीत का विधेयक' है।

संजय सिंह ने जनसंख्या बढ़ने के आधार पर सांसदों की संख्या बढ़ाने के तर्क पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि देश की जनसंख्या बढ़ी है, तो सरकार को केवल सांसदों की संख्या बढ़ाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए बल्कि सरकारी स्कूलों, शिक्षकों, डॉक्टरों और ट्रेनों की संख्या भी बढ़ानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश में एक लाख सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं और 11 लाख शिक्षकों के पद खाली हैं। ऐसे में सरकार को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों पर भी ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में इंडी गठबंधन के नेताओं की डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात पर संजय सिंह ने कहा कि वे उन्हें मनाने गए हैं, जो अच्छी बात है। सभी दलों को बातचीत और सहमति बनाने का प्रयास करना चाहिए।

आप नेता मनीष सिसोदिया ने परिसीमन विधेयक पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि यह विधेयक उनकी राजनीतिक हताशा का परिणाम है। भाजपा जानती है कि देश की जनता उसे बहुमत देने के पक्ष में नहीं है। इसलिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और मतदाताओं की संख्या के निर्धारण के माध्यम से राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन के बाद किसी निर्वाचन क्षेत्र में एक लाख मतदाता हो सकते हैं जबकि दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में 15 से 20 लाख मतदाता होंगे। निर्वाचन क्षेत्रों का आकार इस तरह निर्धारित किया जा सकता है कि भाजपा को उन सीटों पर फायदा मिले, जहां उसे जीत की उम्मीद है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की एमके स्टालिन और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से प्रस्तावित मुलाकातों पर भी सिसोदिया ने टिप्पणी की। उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस अब देश की उम्मीद नहीं रह गई है। पार्टी ने जनता का भरोसा खो दिया है और देश में कहीं भी लोग उसे उम्मीद की नजर से नहीं देखते।

कांग्रेस नेता उदित राज ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ फर्जी एआई वीडियो दिखाने के मामले में एफआईआर दर्ज होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वीडियो फर्जी है या असली, लेकिन यदि भाजपा के नेता भी एआई का इस्तेमाल करके भ्रामक सामग्री तैयार करते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती?

परिसीमन विधेयक पर उदित राज ने आरोप लगाया कि आजाद भारत में लोकतंत्र और संविधान के सामने इतना बड़ा संकट पहले कभी नहीं आया। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन के दौरान लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जा सकती हैं, जिससे विपक्षी दलों को नुकसान और भाजपा को राजनीतिक लाभ मिले।

उन्होंने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल उठाए। उदित राज के मुताबिक, आयोग में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट नहीं है और इसकी प्रक्रिया सरकारी नियंत्रण में रहने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग के गठन और सदस्यों के चयन में एकतरफा व्यवस्था से मनमाने फैसले लिए जा सकते हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम