☰
×

परिसीमन पर सरकार ने कुछ कहा ही नहीं, फिर कांग्रेस चिंतित क्यों है : शाहनवाज हुसैन

 

नई दिल्ली 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रस्तावित परिसीमन को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग किए जाने पर भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार की ओर से परिसीमन को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है, तो कांग्रेस अध्यक्ष इस मुद्दे पर आशंकाएं क्यों जता रहे हैं?

इसके साथ ही शाहनवाज हुसैन ने त्योहारों के मौसम में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हिंदू त्योहारों में बाधा डालने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने मल्लिकार्जुन खड़गे के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने परिसीमन को लेकर अभी कुछ नहीं कहा है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष पहले से ही इस मुद्दे पर चिंता जता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विरोध-प्रदर्शनों में व्यस्त है और उसे आशंका है कि कहीं सरकार परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाकर महिलाओं को उनके अधिकार न दे दे।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि देश में इस समय नवरात्रि, दुर्गा पूजा और रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। आने वाले दिनों में दीपावली और छठ जैसे त्योहार भी मनाए जाएंगे। ऐसे समय में कांग्रेस विरोध-प्रदर्शनों के जरिए लोगों को परेशान करने और उनके धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने का प्रयास कर रही है।

भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और उससे जुड़े लोग हिंदू त्योहारों के दौरान विरोध-प्रदर्शन करके व्यवधान पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय लोगों के लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक मेलजोल और खरीदारी का भी महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में विरोध-प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को परेशानी हो सकती है।

शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम जानबूझकर हिंदू त्योहारों के दौरान प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने इसे हिंदू त्योहारों में खलल डालने की कोशिश बताया।

त्योहारों के दौरान विरोध-प्रदर्शनों से व्यापारियों को होने वाले संभावित नुकसान के सवाल पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा से लेकर दीपावली तक बाजारों में खरीदारी का प्रमुख सीजन रहता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राहक बाजारों में पहुंचते हैं, जिससे व्यापारियों को कारोबार बढ़ने की उम्मीद रहती है।

उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों और घोषणाओं के कारण पुलिस को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ते हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के लिए जानबूझकर त्योहारों का समय चुना गया है।

शाहनवाज हुसैन ने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष ईद या बकरीद जैसे त्योहारों के दौरान भी इसी तरह प्रदर्शन करता है? उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान जगह-जगह रामलीला का मंचन होता है और दुर्गा पूजा के पंडाल लगाए जाते हैं। ऐसे में विरोध-प्रदर्शनों से धार्मिक आयोजनों और बाजारों की गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम