☰
×

परिसीमन के नाम पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलना चाहती है सरकार : सौगत रॉय

 

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। ममता तृणमूल कांग्रेस (एमटीएमसी) के सांसद सौगत रॉय ने केंद्र सरकार पर परिसीमन के नाम पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने और राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी इंडी गठबंधन के साथ है और इस विधेयक का विरोध करेगी। वहीं, पश्चिम बंगाल में सांसद अभिषेक बनर्जी के एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर भी राजनीतिक विवाद गहरा गया है।

परिसीमन विधेयक पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता तृणमूल कांग्रेस (एमटीएमसी) के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि एमटीएमसी इंडी गठबंधन का हिस्सा है और वह इस विधेयक के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के नाम पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में व्यापक बदलाव करना चाहती है। इसे उन्होंने 'जेरीमैंडरिंग' करार दिया। इस प्रक्रिया से अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लोगों को असुविधा हो सकती है।

सौगत रॉय ने सवाल उठाया कि यदि सरकार महिलाओं को आरक्षण देना चाहती थी तो इसके लिए पहले से पारित महिला आरक्षण विधेयक को लागू किया जा सकता था। इसके लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने की क्या जरूरत है? उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस प्रस्ताव का विरोध करेगी।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के नाम पर सीटों की संख्या बढ़ाकर भाजपा अपने राजनीतिक हित साधना चाहती है। उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी एनडीए का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा पर विपक्षी दलों के नेताओं को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

दूसरी ओर, कोलकाता में एमटीएमसी के विधायक कुणाल घोष ने अभिषेक बनर्जी के एआई से तैयार वीडियो को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि संबंधित लोगों में हिम्मत और क्षमता है, तो घटना वाले दिन और समय का पुलिस थाने का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया जाए।

कुणाल घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी द्वारा जारी वीडियो में दिखाई गई घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आना चाहिए। इसके अलावा, उस समय मौके पर मौजूद लोगों की मोबाइल टावर लोकेशन भी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इन दोनों जानकारियों से घटना की सच्चाई सामने आ जाएगी।

कुणाल घोष ने बताया कि एमटीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडियो जारी किया था। वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया है कि पश्चिम बंगाल पुलिस प्रशासन ने 'छात्र समाज' को हलफनामे तैयार करने और जमा कराने में मदद की।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह पुलिस प्रशासन ने तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप किया। कुणाल घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने यह वीडियो पूरी जिम्मेदारी और तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जारी किया है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी