☰
×

परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष ने कहा-'महिला आरक्षण की आड़ में इस बिल को पास कराना चाहती है सरकार'

 

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्ष ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और माकपा नेताओं ने सरकार पर संसदीय परंपराओं का उल्लंघन, सूचना छिपाने और बहुमत के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन बिल को जबरन पास कराना चाहती है, जिससे राज्यों के प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, "मुझे लगता है कि भारतीय जनता पार्टी ने आज भी पूरे संसदीय व्यवस्था में कायरतापूर्ण रवैया अपनाया है। अगर वह महिला आरक्षण की आड़ में या उसके पल्लू के पीछे छिपकर परिसीमन बिल लाना चाहती है, तो कल भी उन्होंने जो नोटिस जारी किया, उन्होंने सूचना के अधिकार का उल्लंघन किया और आप चेक कर सकते हैं कि कहीं भी उन्होंने इसका उल्लेख नहीं किया है।"

उन्होंने कहा कि अगर आपके पास बहुमत है, तो बहुमत सिर्फ बिल पास कराने के लिए नहीं होता। बहुमत का मतलब है कि अगर संविधान में संशोधन की बात हो रही है, तो भविष्य में पूरे देश में हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसका क्या असर हो सकता है, क्या इसके प्रतिकूल परिणाम भी हो सकते हैं।

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि मैं निश्चित रूप से एक बात कहूंगा कि यह सरकार पहले विधायकों को चुराती है, सांसदों को चुराती है और अब तो सरकारें भी चुराती है। यह एक दुखद स्थिति है कि अभी तक उन्होंने सत्र का सत्रावसान भी नहीं किया है। तो इसका कारण क्या है? इसीलिए मैंने कहा था कि लोकतंत्र लोक-लाज और परंपराओं पर चलता है और इनके पास इन दोनों में से कोई भी चीज नहीं है।

सीपीआईएम के राज्य सचिव श्रीनिवास राव ने कहा, "भाजपा परिसीमन विधेयक को महिला आरक्षण विधेयक के रूप में पेश करके देश को गुमराह कर रही है। उसका इरादा संसदीय लोकतंत्र में हेरफेर करके परिसीमन को आगे बढ़ाना है। जनसंख्या नियंत्रण नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के बावजूद आंध्र प्रदेश को संसद में अपने प्रतिनिधित्व और प्रभाव को खोने का खतरा है। मैं टीडीपी और वाईएसआरसीपी से अपील करता हूं कि वे राज्य के हितों की रक्षा करें और बिना गारंटी के भाजपा के परिसीमन विधेयक का समर्थन न करें। भाजपा के साथ कोई भी पर्दे के पीछे का समझौता आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ विश्वासघात होगा।"

महिला आरक्षण विधेयक पर एनडीए के लिए 2/3 बहुमत की चुनौती पर ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि मुझे नहीं पता कि एनडीए के पास नंबर हैं या नहीं, लेकिन वे पैसे, धमकियों और अन्य सभी तरीकों का इस्तेमाल करके हर हथकंडा अपना रहे हैं। देखते हैं कि क्या होता है। उन्होंने कहा, "मैंने अखबारों में पढ़ा है, मुझे संदेश भी मिला है कि संसद का सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा और परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर चार दिनों तक चलेगा। देखते हैं क्या होता है।"

परिसीमन विधेयक को 'संसदीय चोरी' का कृत्य बताने वाले एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा, "वेणुगोपाल ने जो कुछ भी कहा है, मैं उसका समर्थन करता हूं। वे संसद को भी चुराने की कोशिश कर रहे हैं।"

--आईएएनएस

केके/पीएम