×

परिसीमन बिल पर बोले कांग्रेस नेता, यह उत्तर और दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करेगा

 

मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्‍होंने कहा था कि अगर परिसीमन के दौरान सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने इस बिल को अन्‍याय करार दिया। उन्‍होंने कहा कि यह बिल उत्तर और दक्षिण में विभाजन पैदा करता है।

कांग्रेस नेता अतुल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "जहां तक ​​मैंने उनके बयान को सुना और समझा है, उनका मानना ​​है कि अगर सभी राज्यों में एक समान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है तो वे बिल का विरोध नहीं करेंगे।"

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि वर्तमान बिल अन्‍याय कारक है। यह बिल उत्तर और दक्षिण में विभाजन पैदा करता है, क्‍योंकि इससे दक्षिण का प्रतिनिधित्‍व कम हो जाएगा। भाजपा को इससे कोई मतलब नहीं है, उनको सत्ता से ऊपर कुछ नहीं दिखाई देता है। वर्तमान बिल पर कांग्रेस का विरोध था, है और आगे भी रहेगा।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के दौरान कमीडियन कुणाल कामरा ने विवादित बयान दिया। इससे कई लोगों ने भगवान के प्रति आस्‍था के खिलाफ बताया है। इस पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के समय आस्‍था कहां थी।

उन्‍होंने कहा कि एसआईटी प्रमुख पर कई केस दर्ज हैं। ऐसे महाचोर को चोरों को छुड़ाने के लिए भेजा जाता है, तब लोगों की भावनाएं आहत नहीं होती हैं।

भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं और विपक्ष कमजोर होता नजर आ रहा है। इस पर कांग्रेस नेता अतुल लोंडे ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को राहुल गांधी पर बोलने से पहले बताना चाहिए कि नीट की तैयारी कर रहे 21 छात्रों ने पेपर लीक होने के बाद आत्‍महत्‍या कर ली।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इतना कुछ होने के बाद भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान पद पर बने हुए हैं। श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी हुई, भाजपा पहले इसका जवाब दे। क्या सरकार के पास महंगाई कम करने के लिए कोई ठोस उपाय है। पेट्रोल में एथनॉल का इस्‍तेमाल होने से लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी